Hardoi News:ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने का आरोपी गिरफ्तार – Accused Of Stealing Passengers’ Belongings On Trains Arrested
हरदोई। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का कीमती सामान चोरी करने के आरोपी को जीआरपी ने मंगलवार की रात को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि बालामऊ स्टेशन पर हरदोई छोर की तरफ उपनिरीक्षक अनिल यादव अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान बोर्ड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया।
टीम ने पूछताछ की तो वह सही जानकारी नहीं दे पाया। तलाशी में उसके पास से नकदी और पायल बरामद हुई। साथ ही दो आधार कार्ड भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने सीतापुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के आजादनगर निवासी कौशल किशोर यादव (48) बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बीती 17 नवंबर को ट्रेन संख्या 04667 में बिहार के सीतामढ़ी निवासी पल्लवी कुमारी का बैग चोरी किया था। इसमें 20 हजार रुपये नकद, पहचान पत्र, बैंक कार्ड और अन्य सामान था।
वहीं, 24 नवंबर को सीतापुर से बालामऊ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में रीता का पर्स चोरी हुआ था। इसमें 1500 रुपये, पायल और आधार कार्ड रखा था। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
