Banda News:रबी सीजन के लिए 21 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद उपलब्ध – Over 21,000 Metric Tonnes Of Fertilizer Available For The Rabi Season
बांदा। रबी फसलों की बोआई का समय और डीएपी के लिए मची हाय-ताैबा के बीच विभाग ने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त बताई है। कृषि विभाग के अनुसार किसानों की मांग के अनुरूप सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद की आपूर्ति लगातार की जा रही है। किसी भी क्षेत्र में उर्वरक की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान में 15,493 मीट्रिक टन यूरिया, 2157 मीट्रिक टन डीएपी, 2528 मीट्रिक टन एनपीके और 882 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। विक्रेताओं को स्टॉक बनाए रखने, निर्धारित दरों पर बिक्री करने और दुकानें बिना सूचना बंद न रखने के निर्देश दिए गए हैं। रात आठ बजे के बाद बिक्री करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री या खतौनी के आधार पर पॉश मशीन से खाद लेने के लिए कहा गया है। मशीन पर किसान के अंगूठा लगाने पर चालू माह और सीजन में पहले खरीदे गए उर्वरक का विवरण भी दिखाई देगा। उपलब्ध क्षेत्रफल के अनुसार खाद दी जाएगी।
विक्रेताओं को स्टॉक और रेट बोर्ड प्रदर्शित करने, डीएपी उपलब्ध होने पर बोरियां सामने रखने, बिक्री की रसीद देने और पॉश मशीन में पेपर रोल रखने के निर्देश हैं। जिला कृषि अधिकारी ने चेताया कि स्टॉक होने के बावजूद बिक्री न करना कालाबाजारी की मंशा माना जाएगा। अधिक मूल्य वसूली, नकली खाद बेचने या जबरन अन्य उत्पाद देने की शिकायत सही मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।
