Gurugram News:अधिकारियों की एसीआर में दर्ज होगी स्कूल विजिट और निरीक्षण रिपोर्ट – School Visit And Inspection Reports Will Be Recorded In The Acrs Of Officials
पहली और दूसरी श्रेणी के अधिकारियों को स्कूल गोद लेकर शैक्षणिक माहौल और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करनी होगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी। पहली और दूसरी श्रेणी के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में उनके स्कूल निरीक्षण और दौरों का विवरण दर्ज होगा। अधिकारियों को गोद लिए गए स्कूलों का साल में कम से कम तीन बार दौरा करना होगा। इस दौरान मिली खामियों और सुधार के सुझावों की रिपोर्ट भी एसीआर के साथ संलग्न करनी होगी।
डीसी उत्तम सिंह ने बुधवार को बताया कि हरियाणा के मुख्य सचिव की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अधिकारियों की एसीआर में एक विशेष कॉलम जोड़ा जाएगा। इसमें गोद लिए गए स्कूल का नाम, वहां किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
डीसी ने बताया कि अधिकारियों को स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करनी होगी। उन्हें शिक्षण गतिविधियों, शैक्षणिक माहौल और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना होगा। साथ ही, स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का किस तरह उपयोग हो रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है, इसकी भी समीक्षा करनी होगी। डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक अधिकारियों की नियमित भागीदारी से सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। एसीआर में निरीक्षण का विवरण शामिल होने से अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी। इससे स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों के उपयोग की नियमित निगरानी हो सकेगी। साथ ही, कमियों की पहचान कर समय पर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे।
एसओपी के अनुसार करना होगा निरीक्षण
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि अधिकारी निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सामने आई कमियों, तथ्यों और सुधार संबंधी सुझावों को रिपोर्ट में दर्ज करना होगा, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि अधिकारी निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार स्कूलों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों, तथ्यों और सुधार संबंधी सुझावों को रिपोर्ट में दर्ज करना होगा, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
