रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:पिता कांग्रेस के कार्यकर्ता, बहन रह चुकीं प्रधान…अब अनीशा बनीं जिला प्रमुख; बताया अपना विजन – Rajasthan: Father Is A Congress Worker Sister Has Served As A Pradhan Now Anisha Has Become Zila Pramukh
धौलपुर

राजस्थान:पिता कांग्रेस के कार्यकर्ता, बहन रह चुकीं प्रधान…अब अनीशा बनीं जिला प्रमुख; बताया अपना विजन – Rajasthan: Father Is A Congress Worker Sister Has Served As A Pradhan Now Anisha Has Become Zila Pramukh

November 26, 2026


धौलपुर ग्राम पंचायत की सरपंच से जिला स्तर की सबसे बड़ी पंचायत की प्रमुख बनने तक का सफर तय करने वाली अनीशा सिंह अब धौलपुर जिले के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगी। जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है। उनका कहना है कि जिले में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को साथ लेकर काम करने का प्रयास रहेगा।

अनीशा सिंह मूल रूप से राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के नायला गांव की निवासी हैं। उन्होंने स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की है। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत ग्राम पंचायत नायला की सरपंच के रूप में हुई थी। इसके बाद पहली बार जिला परिषद के वार्ड संख्या 17 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर जिला प्रमुख के पद तक पहुंचीं। सरपंच से जिला प्रमुख तक का उनका सफर ग्रामीण राजनीति में उनकी सक्रियता को दर्शाता है। अपनी जीत का श्रेय अनीशा सिंह ने अपने परिवार के साथ राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा और बसेड़ी विधायक संजय कुमार जाटव को दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। जिले के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

पढे़ं: चुनाव की तारीखों के संयोग से बनीं जिला प्रमुख, पहले चरण में होती वोटिंग तो नहीं लड़ पातीं; जानें

महिला सशक्तिकरण और शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर

अनीशा सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता महिलाओं को सशक्त बनाना और जिले में शिक्षा का स्तर सुधारना है। ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उनका मानना है कि शिक्षा समाज के विकास का आधार है। ऐसे में जिले में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया जाएगा। किसानों की समस्याओं को भी प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के माध्यम से गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास रहेगा।

परिवार में रही है राजनीति की विरासत

अनीशा सिंह को राजनीति विरासत में मिली है। उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके पिता राजेंद्र सिंह शुरुआती दौर से ही कांग्रेस के कार्यकर्ता रहे हैं। राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा के साथ भी उनके परिवार की नजदीकियां रही हैं।

अनीशा सिंह ग्राम पंचायत नायला की सरपंच रह चुकी हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन प्रियंका सिंह राजाखेड़ा पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी हैं। अनीशा सिंह ने बताया कि परिवार में राजनीतिक माहौल होने के कारण उन्हें शुरू से ही जनसेवा और राजनीति को करीब से समझने का अवसर मिला। राजनीति उनके लिए नई नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख के रूप में उनकी कोशिश रहेगी कि गांवों की समस्याओं को जिला स्तर पर उठाकर उनका समाधान कराया जाए। जिला परिषद ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण संस्था है और गांवों का बुनियादी ढांचा मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X