रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:झालावाड़ में भाजपा के कुशवंत नागर बने उप जिला प्रमुख, कांग्रेस के बालचन्द को 3 मतों से हराया – The Deputy District Chief Makes Inroads Into The Congress Party
झालावाड़

राजस्थान:झालावाड़ में भाजपा के कुशवंत नागर बने उप जिला प्रमुख, कांग्रेस के बालचन्द को 3 मतों से हराया – The Deputy District Chief Makes Inroads Into The Congress Party

November 26, 2026


पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत गुरुवार को जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कुशवंत नागर ने कांग्रेस के प्रत्याशी बालचन्द को तीन मतों से हराकर जीत दर्ज की। कुशवंत नागर को कुल 18 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी बालचन्द को 15 मत प्राप्त हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराया गया। इसके बाद मतगणना पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी कुशवंत नागर को विजेता घोषित किया गया।

27 साल के कुशवंत नागर सबसे अधिक शिक्षित जनप्रतिनिधि

झालावाड़ के नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख कुशवंत नागर जिले के जनप्रतिनिधियों में सबसे अधिक शिक्षित बताए जा रहे हैं। अलावा गांव निवासी नागर की उम्र महज 27 साल है। उन्होंने एमकॉम और एलएलबी तक शिक्षा प्राप्त की है। वे अविवाहित हैं और छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की है।

कुशवंत नागर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे हैं। वे संगठन में जिला संयोजक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा भवानीमंडी स्थित बिरला कॉलेज में एबीवीपी की ओर से छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं। छात्र राजनीति में सक्रिय रहने के बाद अब भाजपा ने उन्हें जिला परिषद में उप जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है।

फिलहाल नागर अपने पिता के साथ भवानीमंडी कृषि उपज मंडी में मर्चेंट का काम देखते हैं। उनके दादा भंवरलाल नागर भी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय रहे हैं। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि और छात्र संगठन में सक्रियता ने उनके राजनीतिक सफर को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है।

क्रॉस वोटिंग से भाजपा ने कांग्रेस के वोट बैंक में लगाई सेंध

झालावाड़ जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने 17 सीटें और कांग्रेस ने 16 सीटें जीती थीं। दोनों दलों के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का रहा था। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने 17 मत हासिल कर एक मत के अंतर से जीत दर्ज की थी।

वहीं, उप जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा का मत बढ़कर 18 हो गया, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी बालचन्द को 15 मत ही मिले। इस तरह भाजपा को एक अतिरिक्त मत मिला और कांग्रेस को अपने घोषित संख्या बल से एक मत कम प्राप्त हुआ। चुनाव परिणाम के बाद क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा ने तीन मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उप जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमा लिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X