Sitapur News:पीएनजी के आवेदन 35 हजार सप्लाई सिर्फ 10,500 घरों तक – 35,000 Applications For Png, But Supply Reaches Only 10,500 Households
सीतापुर। रसोई तक पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाने की कवायद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाने के बावजूद इसकी आपूर्ति अभी भी सीमित दायरे में सिमटी है।
पीएनजी सप्लाई के लिए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की ओर से जिले में करीब 500 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसके बाद करीब 35 हजार उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन भी कर चुके हैं, लेकिन हकीकत में पीएनजी की सप्लाई महज 10,500 घरों में ही हो पा रही है। कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता अभी भी पाइपलाइन से गैस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
शहर के कई मोहल्लों में पीएनजी आपूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि तमाम इलाकों में कहीं पाइपलाइन बिछाने तो कहीं टेस्टिंग का काम चल रहा है। बीपीसीएल ने वर्ष 2022 में शहर से गांवों तक घर-घर पीएनजी पहुंचाने के लिए करीब 16,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया था। अनुमति मिलने के बाद पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ। शहर के आर्यनगर, रोटीगोदाम, रामनगर, नैपालापुर, लालकुर्ती, सिविल लाइन, प्रेमनगर, शिवपुरी, बैजनाथ कॉलोनी और आदर्शनगर समेत कई मोहल्लों में आपूर्ति शुरू कराई गई है। हालांकि, अभी भी कई इलाके इस सुविधा से नहीं जुड़ सके हैं।
