रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मऊ

Mau News:24.62 करोड़ का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में, जनप्रतिनिधि भी उदासीन – Proposal Worth 24.62 Crore Put On The Back Burner

November 26, 2026


मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय तहसील मुख्यालय घोसी मुख्य मार्ग पर टोंस नदी के जर्जर पुल की जगह नए पुल के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 134.08 मीटर लंबा और 5.25 मीटर चौड़ा पुल निर्माण के लिए भेजा गया 24.62 करोड़ का एस्टीमेट शासन के ठंडे बस्ते में पड़ा है, वहीं इस गंभीर जन समस्या पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।

वर्ष 1977 में निर्मित इस पुल को कंडम घोषित कर बड़े वाहनों का आवागमन बंद किए जाने के बाद से क्षेत्र की जनता भारी मुसीबतों का सामना कर रही है।

पुल पर बैरियर लगाकर बड़े वाहनों की एंट्री रोके जाने का सबसे बुरा असर कस्बे के तीन-चार नामचीन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। स्कूल बसों का संचालन इस मार्ग से बंद होने के कारण नदी पार से आने वाले बच्चों को प्रतिदिन 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस लंबे सफर के कारण बच्चों को रोजाना कम से कम एक से डेढ़ घंटे अधिक यात्रा करनी पड़ रही है। सुबह जल्दी उठने और लंबे सफर की थकान से नन्हे बच्चों की सेहत और पढ़ाई दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

यह मार्ग आजमगढ़ से भातकोल होते हुए घोसी, मधुबन गोरखपुर और बलिया को जोड़ने वाली एक प्रमुख कड़ी है। बड़े ट्रकों और मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद होने से स्थानीय बाजार में बिल्डिंग मटेरियल के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सेवाओं को भी लंबा चक्कर लगाकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 24.62 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था, लेकिन वित्तीय स्वीकृति न मिलने से यह फाइल सरकारी दफ्तरों में धूल फांक रही है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और अभिभावकों में इस बात कोकर गहरा रोष है कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की परेशानी के बावजूद जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं और शासन स्तर पर बजट पास कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं कर रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X