इंद्री। कमालपुर गादियान गांव के पास खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से गन्ने के खेत में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे करीब 20 एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलने से बच गई।
खेत मालिक गुरचरण सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे वृक्षारोपण नहीं करने के लिए उन्होंने पहले ही वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया था, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। किसान पृथ्वी सिंह ने बताया कि वन विभाग की ओर से लगाए गए पौधे अब बड़े पेड़ों का रूप ले चुके हैं। इन पेड़ों के बीच से बिजली की लाइन गुजरती है। किसानों के अनुसार, हवा चलने पर पेड़ों की टहनियां तारों के संपर्क में आने से स्पार्किंग होती है और तार टूटकर खेतों में गिरने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण बोले- लाइन शिफ्ट हो या सुरक्षित दूरी पर लगाए जाएं पेड़
किसानों ने आरोप लगाया कि पेड़ों की टहनियों की छंटाई करने पर वन विभाग के अधिकारी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हैं। ग्रामीणों ने बिजली और वन विभाग से मांग की कि हाईटेंशन लाइन को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाए या पेड़ों को सुरक्षित दूरी पर लगाया जाए।