रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
वाराणसी

Varanasi News:बनारस बिएनाले में नागरी प्रचारिणी सभा की चार प्रदर्शनियां, शब्द और कला का अनूठा संगम – Four Exhibitions By The Nagari Pracharini Sabha At The Banaras Biennale, A Unique Confluence Of Words And Art

November 26, 2026


वाराणसी। बनारस बिएनाले में नागरी प्रचारिणी सभा शब्द, समय और कला के अनूठे संबंधों को चार प्रदर्शनियों के जरिये सामने ला रही है। नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल के आकल्पन में तैयार इन प्रदर्शनियों में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के संपादकीय योगदान, सभा के 133 वर्षों के इतिहास, दुर्लभ साहित्यिक अभिलेखों और भारतीय चित्रकला की विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। साथ ही, समकालीन चित्रकार मनीष पुष्कले की काशी पर केंद्रित विशाल कलाकृतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।

नागरी प्रचारिणी सभा में आयोजित पहली प्रदर्शनी संशोधक, संवर्द्धक, संपादक आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के संपादकीय योगदान पर केंद्रित है। इसमें प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, निराला, मैथिलीशरण गुप्त, बंग महिला राजेंद्र बाला घोष, हीरा डोम, चंद्रधर शर्मा गुलेरी और माधवराव सप्रे जैसे साहित्यकारों की पांडुलिपियां, तस्वीरें और संपादकीय टिप्पणियां प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी बताती है कि द्विवेदी ने लेखकों की रचनाओं में संशोधन और संपादन के जरिये हिंदी भाषा को व्यवस्थित स्वरूप देने में कितनी अहम भूमिका निभाई।

दूसरी प्रदर्शनी सभा प्रसंग में नागरी प्रचारिणी सभा के सवा सौ वर्षों से अधिक के इतिहास को सहेजा गया है। इसमें महामना मदन मोहन मालवीय और आचार्य रामचंद्र शुक्ल से जुड़े प्रसंगों के साथ सभा के शिलान्यास से संबंधित दुर्लभ वस्तुएं, घड़ियां, स्याही-दवात और घंटी प्रदर्शित हैं। हिंदी शब्दसागर, मनोरंजन पुस्तकमाला और सभा की पहली कार्रवाई की जिल्द भी यहां आकर्षण का केंद्र है। वर्ष 1893 में सभा की स्थापना करने वाले बाबू श्यामसुंदर दास, रामनारायण मिश्र और शिवकुमार सिंह समेत शुरुआती सदस्यों के हस्ताक्षर और उनके छोटे-छोटे आर्थिक योगदान का विवरण भी इसमें देखा जा सकता है।

तीसरी प्रदर्शनी चित्रोक्ति में वर्ष 1933 में प्रकाशित द्विवेदी अभिनंदन ग्रंथ के चित्रों और अभिलेखों को प्रदर्शित किया गया है। श्यामसुंदर दास और रायकृष्णदास के संपादन में प्रकाशित इस ग्रंथ में अवनींद्रनाथ टैगोर, नंदलाल बोस, उस्ताद रामप्रसाद, सुधीररंजन खास्तगीर, शारदाचरण उकील और रामगोपाल विजयवर्गीय जैसे प्रसिद्ध चित्रकारों की कलाकृतियां शामिल हैं। इसके साथ कालिदास के मेघदूत और आचार्य केशवप्रसाद मिश्र के हिंदी पद्यानुवाद की झलक भी मिलेगी। प्रदर्शनी में रायकृष्णदास, भारत कला भवन और नागरी प्रचारिणी सभा के आपसी संबंधों को भी रेखांकित किया गया है।

चौथी प्रदर्शनी तिनका-तिनका समकालीन भारतीय चित्रकार मनीष पुष्कले की काशी पर केंद्रित तीन विशाल कलाकृतियों का संसार है। कबीर के दोहे से प्रेरित इस प्रदर्शनी में मणिकर्णिका, मंगलनाथ और यज्ञ के माध्यम से बनारस को जीवन-मृत्यु, सृजन और विघटन के दार्शनिक संबंधों के बीच देखा गया है। पुष्कले पिछले पांच वर्षों से उन लुप्तप्राय भाषाओं के दृश्यात्मक स्वरूप पर भी काम कर रहे हैं, जिनकी कोई लिखित लिपि नहीं रही। उनकी कलाकृतियां ऐसे शब्दों और भाषाओं की कल्पना करती हैं, जिनके अक्षर समय के साथ लुप्त हो चुके हैं। इस प्रदर्शनी के आकल्पक सिद्धि शैलेंद्र हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X