Ambala News:इस बार मूंगफली 40 रुपये महंगी – Peanuts Are 40 Rupees More Expensive This Time
अंबाला। ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में सर्दियों का खास मेवा मूंगफली पहुंच गई है। इस बार अंबाला के ग्राहकों को राजस्थान के जैसलमेर की चुनाई वाली मूंगफली खूब पसंद आ रही है। मोटे दाने और मीठे स्वाद के कारण इसकी मांग सबसे अधिक है। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इसके दाम में 40 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है।
अंबाला के बाजारों में यह खास मूंगफली करनाल के व्यापारियों के जरिये पहुंच रही है। कैथल निवासी थोक सप्लायर अजय कुमार ने बताया कि वह अंबाला के अलावा करनाल और कुरुक्षेत्र के बाजारों में भी बड़े पैमाने पर मूंगफली की आपूर्ति कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाजार में मीडियम क्वालिटी की मूंगफली भी उपलब्ध है, लेकिन फुटकर दुकानदार सबसे ज्यादा चुनाई वाली जैसलमेरी मूंगफली की ही मांग कर रहे हैं, क्योंकि ग्राहक इसे हाथों-हाथ खरीद रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पीछे से ही आवक और लागत बढ़ने के कारण इस सीजन में मूंगफली पिछले साल की तुलना में 40 रुपये महंगी आ रही है। पिछले साल मूंगफली 110 रुपये अब 150 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रही है।
इसी तरह से मीडियम मूंगफली पहले 100 अब 130 रूपये प्रति किलोग्राम के रेट में सप्लाई कर रहे हैं।
