Bilaspur News:जमीन की औपचारिकताओं और बजट के फेर में अटकी बदसौर स्कूल की सड़क – Badsaur School Road Stuck In Land Formalities And Budget Issues
वन विभाग की अनुमति और निजी भूमि मालिकों की गिफ्ट डीड का इंतजार
लोक निर्माण विभाग के पास बजट का प्रावधान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बदसौर स्कूल को सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना जमीन से जुड़ी औपचारिकताओं और बजट के अभाव में अटक गई है। स्कूल तक सड़क पहुंचाने के लिए अधिकांश भूमि सरकारी है, लेकिन इसके लिए वन विभाग की अनुमति लेना जरूरी है। वहीं, कुछ निजी भूमि की जरूरत भी है, जिसके लिए संबंधित मालिकों की ओर से अभी तक गिफ्ट डीड नहीं दी गई है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सड़क निर्माण के लिए फिलहाल किसी भी बजट मद में धनराशि का प्रावधान नहीं है।
बरमाणा वार्ड के जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार ने बदसौर स्कूल को सड़क सुविधा से जोड़ने का मामला उठाया था। इसके बाद संबंधित विभागों से स्थिति की जानकारी मांगी गई। विभाग की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रस्तावित सड़क का अधिकांश हिस्सा सरकारी भूमि से होकर गुजरेगा। ऐसे में निर्माण से पहले वन विभाग की अनुमति लेनी होगी। इसके लिए वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत मामला तैयार करना पड़ेगा।
इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए कुछ निजी भूमि की भी आवश्यकता है। इसके लिए संबंधित भूमि मालिकों से गिफ्ट डीड लेना जरूरी है, लेकिन अभी तक यह औपचारिकता पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में वन विभाग की अनुमति और निजी भूमि से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सड़क निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।
जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ताजा रिपोर्ट में सड़क निर्माण के लिए किसी भी बजट मद में धनराशि उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में जमीन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के साथ बजट का इंतजाम करना भी विभाग के सामने चुनौती है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी जिला परिषद सदस्य को देने और आगामी बैठक में मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। अशोक कुमार ने कहा कि अब देखना होगा कि विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने और बजट की व्यवस्था के बाद बदसौर स्कूल तक सड़क पहुंचाने का काम कब शुरू हो पाता है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रोहित गुप्ता ने बताया कि अभी तक विभाग के पास इस मार्ग की स्वीकृति नहीं आई है। भविष्य में यदि मार्ग को मंजूरी मिलती है तो इस पर काम किया जाएगा।
