रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पिथौरागढ़

Pithoragarh News:पिथौरागढ़ की नदियों में घट रही है महाशीर, विशेषज्ञ भी चिंतित – Mahseer Populations Are Declining In The Rivers Of Pithoragarh; Experts Are Also Concerned

November 26, 2026


पिथौरागढ़ जिले की नदियों में इनकी शान मानी जाने वाली महाशीर मछली की संख्या घट रही है। या यूं कहें कि यह विलुप्त होने के कगार पर पहुंच गई है। काली और सरयू नदी के संगम पर पंचेश्वर क्षेत्र में पहली बार हुए एंगलिंग फेस्ट में यह हकीकत सामने आई है जिसने विशेषज्ञों की चिंता भी बढ़ाई है। विशेषज्ञ भी मान रहे हैं कि महाशीर अब जिले की नदियों में बेहत कम संख्या में पनप रही है।

कभी जिले की नदियों खासकर, काली और सरयू में धूप के बीच चमकती और चांदनी रात में सतह पर अठखेलियां करतीं महाशीर मछली के झुंड नजर आने आम थे। पहली बार काली और सरयू के संगम स्थल पंचेश्वर क्षेत्र में पंचेश्वर एंगलिंग एवं पर्यटन विकास स्वायत्त सहकारिता ने विधायक मयूख महर के सहयोग से एंगलिंग का आयोजन किया। तीन दिन तक सीमांत जिले के साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों और हिमांचल प्रदेश से आए एंगलरों ने नदी में मछलियों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए इन्हें पकड़ा।

हैरानी है कि सिर्फ तीन महाशीर मछली पकड़ में आईं। दो बेहद छोटी जबकि एक करीब आठ किलो वजनी मिली। एंगलरों ने भी माना कि अब इस नदी में महाशीर की मौजूदगी बेहद कम है। वहीं विशेषज्ञों ने भी साफ तौर पर कहा कि महाशीर मछली जिले की नदियों से तेजी से गायब हो रही हैं जो चिंता का विषय है।

—

अनियोजित विकास से नदियों में गाद भरना महाशीर के लिए संकट

पिथौरागढ़। विशेषज्ञों के अनुसार, जिले की काली, गोरी, सरयू, रामगंगा आदि नदियां महाशीर का प्राकृतिक आवास थे। प्राकृतिक आवास में बढ़ते हस्तक्षेप और अनियोजित विकास ने इस प्रजाति को संकट में डाला है। अवैध खनन, तटों पर अनियोजित निर्माण, बढ़ती मानवीय गतिविधियों के साथ ही सड़कों के निर्माण से नदियों में गाद भरने से महाशीर के लिए संकट पैदा हो गया है। मानसून के दौरान पहाड़ों से बहकर आने वाली भारी सिल्ट महाशीर के गलफड़ों में भर जाती है जिससे उनकी गतिशीलता समाप्त हो जाती है और वे दम तोड़ देती हैं। प्रजनन के लिए जरूरी साफ, ठंडा और पथरीला तल अब पहले जैसा नहीं रह गया है। ऐसे में महाशीर जिले की नदियों में विलुप्ति के कगार पर पहुंच गई है। संवाद

—

एंगलिंग से बढ़ेगा पर्यटन, रोजगार के खुलेंगे द्वार

पिथौरागढ़। आयोजन समिति के नीरज सौन, प्रकाश सिंह, शंकर बिष्ट, लक्ष्मण सिंह के साथ ही विधायक मयूख महर ने कहा कि एंगलिंग से पंचेश्वर क्षेत्र की प्राकृतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। काली एवं सरयू नदियों के संगम की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करना तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना इसका उद्देश्य है। संवाद

कोट

यह सच है कि पिथौरागढ़ की नदियों में महाशीर तेजी से घट रही है। यही हालात रहे तो इसे नदियों से विलुप्त होने में देर नहीं लगेगी। अनियोजित निर्माण, नदियों में बढ़ते मानवीय दबाव, खनन से महाशीर के प्रजनन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। नदियों में गाद भरने से यह मर रहीं हैं। इसके संरक्षण के लिए योजना तैयार करने की जरूरत है। – डॉ. रमेश चलाल, जिला मत्स्य अधिकारी, पिथौरागढ़

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X