रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नैनीताल

Nainital News:भरोसे की चौखट पार कर लालच की राह पर पकड़ी – Stepped Across The Threshold Of Trust And Onto The Path Of Greed

November 26, 2026


गीजर ठीक करने के बहाने घर में दाखिल हुए युवक ने तिजोरी से उड़ाए सोने के कड़े और चेन

पांच तोला सोना व 2.29 लाख रुपये बरामद, चोरी की चेन खरीदने वाले हल्द्वानी के सराफ की तलाश

माई सिटी रिपोर्टर

हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव के गुरुनानकपुरा में एक इलेक्ट्रीशियन के साथ पहुंचे आसिफ की नीयत घर में रखे सोने के जेवरों पर डोल गई। मौका मिलते ही उसने तिजोरी में रखे सोने के दो कड़े और एक चेन पार कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पांच तोला वजन के दोनों कड़े और चेन बेचकर मिले 2.29 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। हालांकि, चोरी की चेन खरीदने वाला सराफा कारोबारी अब भी पुलिस की तलाश में है।

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल के घर यह वारदात हुई। अतुल के मुताबिक, 16 नवंबर को घर का गीजर खराब हो गया था। इसकी मरम्मत के लिए उन्होंने फरमान नाम के इलेक्ट्रीशियन को बुलाया। फरमान अपने साथ आसिफ को भी लेकर आया था। दोनों ने गीजर ठीक किया और चले गए। इसके बाद अतुल अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में चले गए। इस दौरान घर में उनकी मां अकेली थीं।

अगले दिन यानी 17 नवंबर को गीजर दोबारा खराब हो गया। इस पर आसिफ फिर मरम्मत के लिए घर पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान उसने घर में रखे जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। 18 नवंबर को अतुल की मां ने अलमारी खंगाली तो उसमें रखे सोने के दो कड़े और एक चेन गायब थी। शादी समारोह से लौटने के बाद अतुल को चोरी का पता चला। उन्होंने 25 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी की नजर से नहीं बच सका शातिर

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। 26 नवंबर को पुलिस ने बनभूलपुरा के लाइन नंबर 18 स्थित आजाद नगर निवासी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरी का खुलासा हुआ। आरोपी के पास से पांच तोला वजन के सोने के दोनों कड़े बरामद किए गए। वहीं, चेन बेचकर हासिल किए गए 2.29 लाख रुपये भी पुलिस ने बरामद कर लिए।

पहले बरेली का बताया ठिकाना, फिर खोला हल्द्वानी का राज

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आसिफ ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि चोरी की सोने की चेन उसने बरेली के एक सराफ को तीन लाख रुपये में बेची है। हालांकि, कुछ देर बाद उसने अपना बयान बदलते हुए चेन हल्द्वानी के ही एक सराफा कारोबारी को बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस टीम संबंधित दुकान पर पहुंची लेकिन वह बंद मिली। अब पुलिस चोरी की चेन बरामद करने के साथ ही उसे खरीदने वाले सराफा कारोबारी की तलाश में जुटी है।

आरोपी आसिफ कोरोना काल से पहले करीब सात-आठ साल तक दुबई में काम कर चुका है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस चोरी की चेन की बरामदगी और उसे खरीदने वाले कारोबारी तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। – मंजुनाथ टीसी, एसएसपी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X