रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार की मौत – Motorcyclist Killed After Being Hit By A Dcm Truck

November 27, 2026


लवेदी। वैदपुरा थाना क्षेत्र के छिमारा चौराहा नहर पुल उदी के पास बुधवार को एक सड़क हादसा हुआ। उल्टी दिशा से आ रही डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय करन सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से आयुर्विज्ञान विवि पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने करन को मृत घोषित कर दिया।

ग्राम बहादुरपुर निवासी चचेरे भाई अभिषेक ने बताया कि करन सिंह चौहान (25) और उसका छोटा भाई रोहित सिंह गुरुग्राम में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। सोमवार को दोनों गांव में दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। करन अपनी छोटी बहन लक्ष्मी को करहल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान छिमारा चौराहा नहर पुल उदी के पास सामने से उल्टी दिशा में आ रही डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। थाना प्रभारी हाकिम सिंह ने बताया कि डीसीएम को मौके पर ही पकड़ लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X