Etawah News:रोडवेज बसें जगह-जगह खड़ी होने से शहर में लगता जाम – Traffic Congestion In The City Caused By State Transport Buses Stopping At Various Locations
इटावा। शहर के शास्त्री चौराहे से पक्का बाग तक मुख्य मार्ग पर जगह-जगह रोडवेज बसें खड़ी होने से रुक-रुक कर जाम लग रहा है। कई बार कार्रवाई किए जाने के बावजूद जमीनी स्थिति जस की तस बनी हुई है। वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शास्त्री चौराहा और पक्का बाग के बीच का मार्ग शहर के व्यस्त हिस्सों में शामिल है। इस मार्ग पर बसों के सड़क किनारे रुकते ही पीछे वाहनों की कतार लग जाती है। बढ़ते ट्रैफिक के बीच बसों के ठहराव से अन्य वाहनों के आगे बढ़ने का रास्ता संकरा हो जाता है और कुछ ही मिनटों में जाम की स्थिति बन जाती है। बसों के रुकने से शुरू होने वाला जाम आगे के चौराहों तक असर डालता है, जिससे पूरे मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम जाती है।
फोटो 20: माल गोदाम चौराहे के पास सवारियां बैठाती रोडवेज बस। संवाद
सीन-1
माल गोदाम चौराहे पर खड़ी होती हैं बसें
माल गोदाम चौराहे पर भी रोडवेज बसों के बेतरतीब खड़े होने से यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। चौराहे के आसपास सड़क घेरकर बसें खड़ी किए जाने से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और कुछ ही मिनटों में जाम के हालात बन जाते हैं। व्यस्त समय में स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
फोटो 21: शास्त्री चौराहे के पास सवारियां बैठाती रोडवेज बस। संवाद
सीन-2
शास्त्री चौराहे के पास पांच से 10 मिनट खड़ी होतीं बसें
शास्त्री चौराहे के पास सवारी भरने और उतारने के चक्कर में रोडवेज बसें अक्सर पांच से दस मिनट तक सड़क पर ही खड़ी रहती हैं। मुख्य चौराहे के नजदीक इतनी देर तक बसें रुके रहने से पीछे से आने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो जाती है। देखते ही देखते चौराहे के चारों ओर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
वर्जन
परिवहन निगम के अफसरों को इस मामले में पत्र भी लिखा जा चुका है। शहर में जगह-जगह खड़ी होने वाली बसों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। जल्द ही परिवहन विभाग के सहयोग से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
-सूबेदार सिंह, यातायात प्रभारी।
