Sirmour News:सैनवाला के विद्यार्थी चार विधाओं में सीख रहे हुनर – Students At Sainwala Are Acquiring Skills In Four Disciplines
चार मास्टर शिल्पकार दे रहे मिनिएचर पेंटिंग, हैंड निटिंग, क्ले आर्ट और पाइन नीडल क्राफ्ट का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। भारतीय पारंपरिक हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत से विद्यार्थियों को परिचित करवाने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैनवाला में तीन दिवसीय शिल्प प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के अंतर्गत हस्तशिल्प सेवा केंद्र (एचएससी), कुल्लू की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 26 से 28 नवंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चार पारंपरिक हस्तशिल्प विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए चार मास्टर शिल्पकार विशेषज्ञता से विद्यार्थियों को इन कलाओं की बारीकियां सिखा रहे हैं। मास्टर शिल्पकार संयोगिता ठाकुर मिनिएचर पेंटिंग, सुमन हैंड निटिंग, पुनीत क्ले आर्ट और अंजना पाइन नीडल क्राफ्ट का प्रशिक्षण दे रही हैं।
कार्यशाला में विद्यार्थी लघु चित्रकला की पारंपरिक तकनीकों के साथ बुनाई का हुनर भी सीख रहे हैं। इसके अलावा मिट्टी से कलात्मक एवं सजावटी वस्तुएं तैयार करने और चीड़ की पत्तियों से उपयोगी व आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक कलाओं की जानकारी देने के साथ स्वयं इन्हें सीखने और अपनी रचनात्मकता को आकार देने का अवसर मिल रहा है।ब कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अयूब खान और विद्यालय स्टाफ भी सहयोग कर रहा है।
