Pilibhit News:असम चौराहे से मझोला तक टनकपुर हाईवे 25 किलोमीटर लंबा बनेगा फोरलेन, उत्तराखंड का सफर होगा आसान – The Tanakpur Highway From Assam Chauraha To Majhola Will Be Developed Into A 25-kilometer-long Four-lane Road, Making Travel To Uttarakhand Easier
पीलीभीत। शहर की जाम की समस्या से निजात दिलाने के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। टनकपुर हाईवे के चौड़ीकरण की योजना को विस्तार देते हुए अब शहर में असम चौराहे से उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मझोला कस्बे तक करीब 25 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनाया जाएगा।
पहले इस मार्ग के करीब नौ किलोमीटर हिस्से को ही फोरलेन बनाने की योजना थी। लेकिन लोगों की मांग के बाद इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। करीब 30 मीटर चौड़ी बनने वाली इस सड़क पर पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा। फोरलेन बनने से पीलीभीत शहर को जाम से राहत मिलने के साथ उत्तराखंड के खटीमा, सितारगंज और रुद्रपुर तक का सफर भी आसान होगा। दोनों प्रदेशों के बीच आवागमन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
असम चौराहे से शुरू होने वाला यह फोरलेन कचहरी और कलक्ट्रेट के आगे से होते हुए मझोला तक पहुंचेगा। इसके दायरे में नगर पंचायत पकड़िया नौगवां और नगर पालिका परिषद पीलीभीत का बाहरी क्षेत्र भी आएगा। इस तरह शहर का बड़ा हिस्सा बेहतर यातायात सुविधा से जुड़ जाएगा। वर्तमान में इस मार्ग पर दिनभर ट्रक, बस, निजी वाहन और भारी वाहनों का दबाव रहता है। सड़क संकरी होने और जगह-जगह अतिक्रमण के कारण अक्सर लंबा जाम लगता है। खासकर व्यस्त समय में वाहन रेंगते नजर आते हैं। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं। फोरलेन बनने के बाद वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
उत्तराखंड के औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों से बढ़ेगा जुड़ाव
इस परियोजना का लाभ केवल पीलीभीत शहर तक सीमित नहीं रहेगा। मझोला से आगे उत्तराखंड के खटीमा, सितारगंज और रुद्रपुर जैसे प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों और कारोबारियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। सड़क चौड़ी होने से मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी। पीलीभीत और उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच कृषि उत्पादों, व्यापारिक सामान और अन्य वस्तुओं की ढुलाई में लगने वाला समय कम हो सकता है। इससे दोनों प्रदेशों के कारोबारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खटीमा और सितारगंज के साथ रुद्रपुर का औद्योगिक क्षेत्र भी इस मार्ग से बेहतर संपर्क का लाभ उठा सकेगा। व्यापारिक वाहनों को संकरी सड़क और जाम के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। वहीं, पीलीभीत के व्यापारियों को भी उत्तराखंड के बाजारों तक पहुंचने में सुविधा होगी। बेहतर सड़क संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
जलभराव की समस्या से भी मिलेगी निजात
परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता सड़क के दोनों किनारों पर पक्के नालों का निर्माण होना है। वर्तमान में बरसात के दौरान हाईवे के कई हिस्सों में पानी भर जाता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क को नुकसान पहुंचता है और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। फोरलेन निर्माण के साथ वैज्ञानिक तरीके से जलनिकासी की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे बारिश का पानी सड़क पर जमा नहीं होगा और सड़क की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहने की उम्मीद है।
संवारा जाएगा शहर का प्रवेश मार्ग
फोरलेन परियोजना के तहत हाईवे के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे। सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माणों के कारण लंबे समय से यातायात बाधित होता रहा है। सड़क चौड़ी होने से वाहनों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। साथ ही शहर का प्रवेश मार्ग भी व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगा। हालांकि, भूमि अधिग्रहण, प्रभावित लोगों को मुआवजे और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया परियोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगी। फिलहाल परियोजना की कुल आधिकारिक लागत और निर्माण कार्य पूरा होने की समयसीमा सार्वजनिक नहीं हुई है।
फोटो-13
फोरलेन बनने से पीलीभीत से उत्तराखंड के शहरों तक आवागमन आसान होगा। इससे ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को सुविधा मिलेगी।
– जसपाल सिंह,व्यापारी
पीलीभीत से टनकपुर हाईवे मझोला तक फोरलेन होने से माल की ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा। जाम में वाहन फंसने से होने वाला नुकसान भी घटेगा।
फोटो-14
रमन कुमार,व्यापारी
फोटो-15
खटीमा, सितारगंज और रुद्रपुर से पीलीभीत का संपर्क बेहतर होने से कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। इसका लाभ स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा।
मदन कुमार,व्यापारी
फोटो-16
सड़क के साथ पार्किंग और जलनिकासी की व्यवस्था भी बेहतर होनी चाहिए। इससे बाजार और आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों को वास्तविक लाभ मिलेगा।
दीपक अग्र्रवाल, व्यापारी
असम चौराहे से मझोला तक फोरलेन होगा हाईवे- डीएम
शहर के असम चौराहे से मझोला कस्बे तक टनकपुर हाईवे फोरलेन बनाया जाएगा। एनएचएआई को इसकी मंजूरी मिली है। पहले यह सड़क सिर्फ नौ किलोमीटर चौड़ी होनी थी। लेकिन मार्ग पर काफी दबाव है और यह उत्तराखंड को जोड़ता है। इससे इसको मझोला कस्बे तक फोरलेन कराया जा रहा है। हाईवे फोरलेन होने से बेहतर आवागमन के साथ शहर की खूबसूरती भी बढ़ेगी। संबंधित विभाग के स्तर से इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।
– आलोक कुमार, डीएम

पीलीभीत शहर से निकला टनकपुर हाईवे। संवाद

पीलीभीत शहर से निकला टनकपुर हाईवे। संवाद

पीलीभीत शहर से निकला टनकपुर हाईवे। संवाद

पीलीभीत शहर से निकला टनकपुर हाईवे। संवाद
