रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कासगंज

Kasganj News:कोर्ट के आदेश पर पांच के खिलाफ मारपीट, लूट और तोड़फोड़ की प्राथमिकी – Fir Registered Against Five Individuals For Assault, Robbery, And Vandalism, Following A Court Order

November 27, 2026


कासगंज। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर सहावर थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूट, जान से मारने की धमकी और बाइक में तोड़फोड़ करने समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता नजमुल हसन निवासी मोहल्ला भीकमथोक कस्बा भरगैन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इसमें बताया कि 10 अक्तूबर 2026 की शाम करीब 4 बजे वह बाइक से कासगंज आ रहे थे। सहावर-अमांपुर रोड से चांडी रोड पर निकलते ही पीछे से आई एक बोलेरो कार ने उनकी बाइक के आगे लगाकर जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि कार सवार मोहल्ले के ही रहने वाले आरोपी शाहआलम, शाहरूख खान, इमरान, जमीर अहमद उर्फ भुलुआ और आकिब ने पुरानी रंजिश के चलते बाइक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपी शाहआलम ने जेब में रखे 9,500 रुपये जबरन निकाल लिए। शोर सुनकर राहगीर नरेन्द्र और सतीश समेत अन्य लोगों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।

सीओ दुर्गेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X