Kushinagar News:11.74 करोड़ से चौड़ी होगी सरस्वती चौक-मिश्रौली सड़क, 1.60 लाख लोगों को होगी सुविधा – Saraswati Chowk-mishrauli Road To Be Widened At A Cost Of 11.74 Crore; 1.60 Lakh People To Benefit
एनएच-727 और एनएच-730 को जोड़ेगा मार्ग, टेंडर की प्रक्रिया शुरू, रामकोला, कप्तानगंज और महराजगंज का सफर होगा आसान
करीब सात किलोमीटर दूरी होगी कम, 50 से अधिक गांवों को मिलेगा सीधा लाभ, जाम और गड्ढों से मिलेगी निजात, कारोबार को भी मिलेगी रफ्तार
पडरौना। सरस्वती चौक से मिश्रौली बाजार तक सड़क पर जाम, गड्ढों और संकरे रास्ते से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए 11.74 करोड़ रुपये से सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्माण पूरा होने के बाद यह मार्ग एनएच-727 को एनएच-730 से जोड़ेगा। इससे 50 से अधिक गांवों के करीब 1.60 लाख लोगों को सुविधा मिलेगी।
जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती चौक से मिश्रौली बाजार तक का यह मार्ग करीब 50 गांवों के करीब 1.60 लाख लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। वर्तमान में सड़क की कम चौड़ाई और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। खासकर बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहनों के आमने-सामने आने से जाम लग जाता है। फिलहाल यह सड़क 3.75 मीटर चौड़ी है, इसे 5.5 मीटर चौड़ा किया जाना है।
दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण के बाद रामकोला, कप्तानगंज और महराजगंज की ओर जाने वाले लोगों का सफर भी आसान होगा।
यह मार्ग एनएच-727 और एनएच-730 के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सिसवा मठिया निवासी भोला यादव, रामआश्रय गुप्ता, पंकज राय, दमवतिया निवासी मारकंडेय तिवारी और डॉ. शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ेगा। मिश्रौली बाजार सहित सड़क किनारे स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की पहुंच आसान होगी। मालवाहक वाहनों के आवागमन में सुविधा होने से व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
सड़क से जुड़े 50 से अधिक गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपनी उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में भी सहूलियत होगी। सड़क की कम चौड़ाई के कारण रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। बाजार के आसपास अक्सर वाहनों की कतार लग जाती है। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। सड़क चौड़ी होने से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और किसानों को राहत मिलेगी।
सात किमी घट जाएगी जिला मुख्यालय की दूरी
भिसवा सरकारी निवासी अमित राय, पंकज राय, सोहरौना निवासी अमरनाथ पांडेय, रामभवन यादव और जनार्दन मद्धेशिया ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से कप्तानगंज, बोदरवार, मथौली और टेकुआटार सहित आसपास के गांवों से जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि इन कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों को जिला मुख्यालय आने के लिए पडरौना शहर से होकर गुजरना पड़ता है। इससे उन्हें करीब सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। सरस्वती चौक से मिश्रौली तक टूलेन सड़क बनने से यह दूरी कम हो जाएगी। साथ ही पडरौना शहर में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
इन गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
सरस्वती चौक से मिश्रौली बाजार तक सड़क चौड़ीकरण होने से दमवतिया, भिसवा, धर्मपुर, माघी, सिसवा मठिया, बरवा महदेवा, नोनिया पट्टी, देवरिया पांडेय, सोहरौना, सुगही, गनेशी पट्टी, कांटी और मठिया जयकिशुन सहित करीब 50 गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
स्पीकअप
सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। कई जगह सड़क संकरी होने के कारण दो वाहन एक साथ आसानी से नहीं निकल पाते हैं। चौड़ीकरण होने से जाम की समस्या कम होगी और रोजाना आने-जाने में समय बचेगा।
-सूर्य नारायण तिवारी, निवासी, सुगही तिवारी
सड़क बेहतर होने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी। माल लाने और ले जाने में भी सुविधा होगी। रामकोला और कप्तानगंज की तरफ से आने वाले लोगों को भी इस मार्ग का लाभ मिलेगा।
-कन्हैया यादव, व्यापारी, सरस्वती चौक
वर्जन
सरस्वती चौक से मिश्रौली बाजार तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 11.74 करोड़ रुपये की परियोजना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने में एक से डेढ़ माह का समय लगेगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
– सुवेदार यादव, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी
