Chamba News:दुकानों के साथ जल गईं तीन पीढ़ियों की उम्मीदें – Along With The Shops, The Hopes Of Three Generations Went Up In Flames
संघणी बाजार अग्निकांड में उजड़ीं 80 साल पुरानी दुकानें, राख में तब्दील हुई जिंदगीभर की कमाई
11 प्रभावितों को 1.65 लाख रुपये की राहत राशि जारी, शेष दुकानदारों को भी जल्द मिलेगी आर्थिक मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
संघणी (चंबा)। संघणी बाजार में लगी आग ने केवल दुकानें ही नहीं जलायीं, बल्कि उन परिवारों की उम्मीदों को भी राख कर दिया, जिनकी कई पीढ़ियों की मेहनत इन कारोबारों से जुड़ी थी।
करीब 80 साल पुरानी दुकानों में किसी परिवार की रोजी-रोटी चलती थी तो किसी की जिंदगीभर की जमा पूंजी रखी थी। बुधवार रात लगी आग ने कुछ ही घंटों में सब कुछ छीन लिया। सुबह जब प्रभावित दुकानदार बाजार पहुंचे तो वहां उनकी दुकानों की जगह राख के ढेर बचे थे।
प्रभावित दुकानदार रणजीत ने बताया कि रात को दुकानें बंद कर घर चले गए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में बाजार में ऐसा हादसा हो जाएगा। आग पूरी रात दुकानों को अपनी चपेट में लेती रही। सुबह बाजार पहुंचे तो वर्षों की मेहनत से खड़ा किया कारोबार पूरी तरह राख हो चुका था।
सालों की मेहनत से दुकान खड़ी की थी। रात को दुकान बंद करके घर गए थे। घर पहुंचते ही पीछे आग का तांडव शुरू हो गया। पूरी रात दुकानें जलती रहीं। सुबह जब बाजार पहुंचे तो सब कुछ राख हो चुका था। – रणजीत, प्रभावित दुकानदार
हमारी दुकानें ही परिवार की रोजी-रोटी का सहारा थीं। सालों से मेहनत करके व्यापार खड़ा किया था। आग ने सब कुछ छीन लिया। अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार का पालन-पोषण कैसे करेंगे। – रियाज मोहम्मद, प्रभावित दुकानदार
हमने कभी नहीं सोचा था कि एक रात में सब कुछ खत्म हो जाएगा। दुकान में रखा सामान ही हमारी जमा पूंजी थी। अब दुकान भी नहीं रही और कमाई का जरिया भी छिन गया। – महबूब मोहम्मद, प्रभावित दुकानदार
प्रभावितों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीएम अनिल भाद्वाज ने बताया कि 11 प्रभावितों को कुल 1.65 लाख रुपये की राहत राशि जारी की गई है। अन्य प्रभावितों की सूची तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। शेष प्रभावितों को भी जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
