रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:रेवती के बंद घर में बगल के मकान के छज्जे से घुसे चोर, सात बक्सों के ताले तोड़कर समेट ले गए सामान – Thieves Entered Revatis Locked House From The Balcony Of The Adjacent Building, Broke The Locks On Seven Trunks, And Made Off With The Contents
बलिया

Ballia News:रेवती के बंद घर में बगल के मकान के छज्जे से घुसे चोर, सात बक्सों के ताले तोड़कर समेट ले गए सामान – Thieves Entered Revatis Locked House From The Balcony Of The Adjacent Building, Broke The Locks On Seven Trunks, And Made Off With The Contents

November 27, 2026


रेवती। स्थानीय नगर के वार्ड नंबर पांच स्थित साहू मुहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, कीमती कपड़े और बर्तन पार कर दिए। चोर पहली मंजिल का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और दो बड़े ट्रंक समेत सात बक्सों के ताले तोड़कर सामान समेट ले गए। इस वारदात का खुलासा बृहस्पतिवार को उस समय हुआ, जब मकान मालिक दोनों भाई अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने रेवती पहुंचे।

बुदेला सैनी का पैतृक मकान वार्ड नंबर पांच में स्थित है। उनके बड़े बेटे जयप्रकाश सैनी लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में एक्सरे टेक्नीशियन और छोटे बेटे आनंद प्रकाश सैनी गोरखपुर के खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। दोनों भाई अपने-अपने कार्यस्थलों पर रहते हैं।

बृहस्पतिवार को चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए दोनों भाई रेवती आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बहन प्रमिला भी शादी में शरीक होने घर पहुंची, तो मकान का ताला टूटा मिला। उसने तुरंत दोनों भाइयों को घटना की सूचना दी। दोपहर करीब दो बजे घर पहुंचे भाइयों ने अंदर जाकर देखा, तो कमरों के दरवाजे व बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा था।

आनंद प्रकाश ने बताया कि चोर उनकी पत्नी ममता का सोने का हार, टीका, नथिया, चांदी की पायल, कमरधनी, हाथ के आभूषण, बिछिया समेत अन्य जेवरात उठा ले गए। इसके अलावा दोनों भाइयों के शादी के बर्तन सेट, तिलक के फूल, पीतल और स्टील के बर्तन तथा कीमती साड़ियां भी गायब हैं। उन्होंने बताया कि चोर बगल के मकान के छज्जे के रास्ते उनके घर की पहली मंजिल पर पहुंचे। वहां एक कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और सीढ़ियों से नीचे उतरकर कमरों के दरवाजे तोड़ दिए। इसके बाद दो बड़े ट्रंक और सात छोटे बक्सों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया।

आनंद प्रकाश ने बताया कि पहले भी उनके घर में चोरी हो चुकी है। घटना के संबंध में उन्होंने रेवती थाने में तहरीर दी है। रेवती थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X