फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जिले में करीब 1400 से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। केवल उन्हीं शिक्षकों की पदोन्नति होगी, जो टीईटी पास हैं।
जिले के 1576 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पदोन्नति प्रक्रिया के तहत सहायक अध्यापकों को प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति की जानी है। प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को वर्ष 2016 के बाद पदोन्नति का लाभ मिलने जा रहा है। लंबे समय से पदोन्नति की बाट जोह रहे शिक्षकों को इससे लाभ मिलेगा। विभागीय स्तर पर पदोन्नति की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची जारी होगी। इसके बाद प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए पात्र शिक्षकों की वरिष्ठता व अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पहले जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक पद की पदोन्नति के लिए सूची जारी की जाएगी। इसके बाद प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक पद की वरिष्ठता सूची जारी होगी। सूची जारी होने के बाद शिक्षकों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। शिक्षक टीईटी पास है उन्हीं के प्रमोशन होंगे।