Farrukhabad News:रामगंगा पर बनेगा पंटून पुल, शासन ने दिए 32.90 लाख रुपये – Farrukhabad News
फर्रुखाबाद। रामगंगा नदी के लभेड़ा घाट पर पंटून पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने अस्थायी पंटून पुल बनाने के लिए 32.90 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए धनराशि अवमुक्त कर दी है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी है। जल्द ही पुल निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
गेहूं, चना, मसूर और सरसों की बोआई का सीजन चल रहा है। ऐसे में नदी पर पुल न होने से कटरी क्षेत्र के किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। नदी के दूसरी ओर खेत होने के कारण ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों को खेतों तक पहुंचाने के लिए किसानों को करीब 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। वहीं, कुछ किसान नाव के सहारे नदी पार कर खेतों तक पहुंचने को मजबूर थे। इससे बोआई प्रभावित होने और फसल का नुकसान होने की आशंका थी।
किसानों की इस समस्या को अमर उजाला ने 15 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पुल बनने से महोलिया, चारिया, मोकुलपुर, लभेड़ा, रेंगापुर, आलादपुर भटौली, निगार और करनपुर दत्त समेत 10 से अधिक गांवों के किसानों को राहत मिलेगी। किसान देवेंद्र सिंह सोमवंशी, राजवीर, रोहित सिंह, विकास सिंह और निरभान सिंह ने बताया कि पुल बनने से ट्रैक्टर और कृषि उपकरण आसानी से खेतों तक पहुंच सकेंगे।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही अस्थायी पंटून पुल का निर्माण कराया जाएगा। पिछले वर्ष नवंबर के अंतिम सप्ताह में पुल तैयार कर दिया गया था।

फोटो-17 रामगंगा नदी पर पड़े पटूंन । संवाद– फोटो : 1
