Kannauj News:प्रसव की सुविधा तो मिली पर अल्ट्रासाउंड के लिए पांच किमी की दौड़ – Childbirth Facilities Were Available, But A Five-kilometre Trek Was Required For An Ultrasound
कन्नौज। महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन शहर के विनोद दीक्षित अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को जरूरी जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रसव कराने की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन प्रसव से पहले अल्ट्रासाउंड कराने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल तक करीब पांच किमी की दूरी तय करनी पड़ती है।
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को समय-समय पर कई जरूरी जांचों की आवश्यकता होती है। इनमें अल्ट्रासाउंड भी महत्वपूर्ण है। चिकित्सक की सलाह पर गर्भस्थ शिशु की स्थिति और विकास की जानकारी के लिए यह जांच करानी पड़ती है। विनोद दीक्षित अस्पताल में प्रसव की सुविधा होने के बावजूद अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था न होने से महिलाओं को दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी उन गर्भवती महिलाओं को होती है, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते बार-बार जांच कराने की जरूरत पड़ती है। उन्हें परिजन के साथ जिला अस्पताल पहुंचना पड़ता है। दूरी और आने-जाने की परेशानी के कारण उनका समय भी बर्बाद होता है।
वहीं, गर्भावस्था में सफर करना भी कई महिलाओं के लिए असुविधाजनक हो सकता है। गर्भवतियों का कहना है कि जब अस्पताल में प्रसव की सुविधा उपलब्ध है तो गर्भवती महिलाओं की जरूरी जांचों की व्यवस्था भी होनी चाहिए। इससे उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इनसेट
अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं है। गर्भवती महिलाओं के लिए तीन जांच केंद्रों हिंद, साक्षी व परफेक्ट में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जहां प्रत्येक माह की एक, नौ, 16 व 24 तारीख को गर्भवतियों का निशुल्क अल्ट्रासाउंड परीक्षण कराया जाता है।
-सुधांशू द्विवेदी, चिकित्सा प्रभारी, विनोद दीक्षित अस्पताल
इनसेट
गर्भवती का अल्ट्रासाउंड करने के लिए लाइसेंस नहीं है। मेडिकल कॉलेज में तीन अल्ट्रासाउंड मशीनें हैं। प्रतिदिन 25-30 सामान्य व्यक्तियों के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं।
डॉ. दिलीप सिंह, राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य
अस्पताल में महिला चिकित्सालय में सोमवार, मंगलवार, बुधवार को अल्ट्रासाउंड होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लगभग 40 से ज्यादा अन्य लोगों के भी अल्ट्रासाउंड होते हैं।
डॉ. महेश विश्वकर्मा, सौ शय्या अस्पताल
विनोद दीक्षित अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए परेशानी न हो, इसके लिए उच्चाधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. विकास चंद्रा, सीएमओ
