उन्नाव। विकास भवन सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में बिना नोटिस के बिजली कनेक्शन काटने की शिकायत पर उच्च शिक्षा व जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने अधीक्षण अभियंता से नाराजगी जताई। चेतावनी देते हुए कहा कि बिना सूचना व नोटिस के बिना किसी का कनेक्शन न काटा जाए।
बैठक से पूर्व मंत्री ने संविधान दिवस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने सड़कों के मरम्मतीकरण, नवीनीकरण व भेजे गए प्रस्ताव की स्थिति, खाद उपलब्धता, निर्माणाधीन परियोजनाओं, बिजली, राशनकार्ड व हर घर जल योजना योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि जिनके घर बारिश से क्षतिग्रस्त हुए हैं उनको मकान के लिए सहायता राशि दी जाए। सड़कों के मरम्मतीकरण व नवीनीकरण के कार्य को प्राथमिकता से कराया जाए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों में जो प्रस्ताव छूट गए हैं उनको पुनः भिजवाएं। किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े। सभी किसानों को खाद मिले इसकी व्यवस्था की जाए। अधीक्षण अभियंता विद्युत से कहा कि बिना जानकारी व नोटिस दिए कोई भी कनेक्शन न काटा जाए। लोगों को कोई भी समस्या न हो। डीएसओ से कहा कि पात्रों के राशनकार्ड बनाए जाएं। हर घर जल योजना के संबंध में अधिशासी अभियंता जल निगम से जवाब तलब किया। कहा कि पाइपलाइन बिछाने में जो भी सड़कें तोड़ी गई हैं उसको ठीक कराया जाए। साइबर ठगी की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
जिला पंचायत प्रशासक शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सहकारी ग्राम विकास बैंक के अध्यक्ष संजीव त्रिवेदी, डीएम घनश्याम मीना, एसपी जय प्रकाश सिंह, सीडीओ कृतिराज, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।