इटावा जिले में बकेवर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में खेत में काम करते समय दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर से खेत में काम कर रहा युवक अचानक रोटावेटर की चपेट में आकर उसमें फंस गया। गंभीर हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान गांव निवासी कुलदीप पुत्र छोटेलाल निवासी नगला इमलिया के रूप में हुई है।
बताया गया कि कुलदीप खेत में ट्रैक्टर से काम कर रहा था। इसी दौरान वह रोटावेटर में फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक को बचने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर यूपी-112 पुलिस और अहेरीपुर चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।