रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:शिक्षिका रहस्यमय तरीके से लापता, पिता का आरोप- बेटी की हत्या कर शव गायब किया; ससुराल वाले फरार – Bihar News Hajipur Bpsc Teacher Vanishes Mysteriously Father Accuses In Laws Of Murder And Body Concealment
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:शिक्षिका रहस्यमय तरीके से लापता, पिता का आरोप- बेटी की हत्या कर शव गायब किया; ससुराल वाले फरार – Bihar News Hajipur Bpsc Teacher Vanishes Mysteriously Father Accuses In Laws Of Murder And Body Concealment

November 27, 2026


बिहार के वैशाली जिले में एक BPSC शिक्षिका के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। जंदाहा प्रखंड के महिषौर थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव में रहने वाली करीब 26 वर्षीय शिवानी कुमारी का 25 नवंबर से कोई पता नहीं चल रहा है। बेटी के लापता होने पर पिता ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शिक्षिका के कमरे से खून जैसे संदिग्ध पदार्थ मिलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पिता को फोन कर बुलाया, फिर बताया बेटी लापता है

जानकारी के अनुसार, शिवानी कुमारी की शादी गौरव अभिषेक से 5 फरवरी 2026 को सोनपुर में हुई थी। उनके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, ससुर मुर्तुजापुर गांव में जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं।

बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को दोपहर में शिक्षिका के ससुर ने उनके पिता कुंदन राय को फोन कर ससुराल बुलाया था। जब पिता वहां पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शिवानी घर से लापता हो गई है। परिजनों के मुताबिक, उसी दिन ससुराल पक्ष की ओर से महिषौर थाने में भी गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था।

दोबारा पहुंचे पिता तो घर में लगा था ताला, सभी फरार

बेटी के अचानक लापता होने पर पिता को संदेह हुआ। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां घर में ताला लगा था और ससुराल के सभी सदस्य गायब थे। परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। इसके बाद मायके पक्ष के बड़ी संख्या में लोग मुर्तुजापुर गांव पहुंचे। पिता कुंदन राय ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है।

BPSC परीक्षा पास कर बनी थी शिक्षिका, दहेज प्रताड़ना का आरोप

कुंदन राय के अनुसार, शिवानी ने वर्ष 2023 में BPSC की परीक्षा पास की थी। वह ससुराल के पास ही एक स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। पिता का आरोप है कि बेटी को दबाव में रखकर 24, 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन भी लिखवाया गया था।

उन्होंने बताया कि शादी में करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। नया मकान बनवाने के नाम पर भी पैसे की मांग की जाती थी। शिवानी फोन पर अक्सर दहेज प्रताड़ना की बात बताती थी, जबकि दामाद हमेशा सब कुछ ठीक होने की बात कहता था।

कमरे से संदिग्ध नमूने जुटाए, डॉग स्क्वायड ने भी की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिषौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने शिक्षिका के कमरे की जांच कर संदिग्ध नमूने एकत्र किए। इनमें खून जैसे पदार्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि, नमूनों की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल और आसपास के इलाके में छानबीन की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। मायके पक्ष की ओर से महिषौर थाने में आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस शिक्षिका के लापता होने के मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल शिवानी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X