Bageshwar News:कपकोट के चार मोटर मार्गों के सुधारीकरण के लिए 7.19 करोड़ मंजूर – Rs 7.19 Crore Sanctioned For The Improvement Of Four Motor Roads In Kapkot
बागेश्वर। कपकोट विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चार महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के सुधारीकरण कार्य को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। वन टाइम मेंटेनेंस योजना के अंतर्गत इन कार्यों के लिए कुल सात करोड़ 19 लाख 46 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृति के तहत क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर सुधारीकरण और डामरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इनमें बैड़ा से मझेड़ा जारती मोटर मार्ग (15.875 किमी) के सुधारीकरण के लिए तीन करोड़ 26 लाख 62 हजार रुपये, बालीघाट-दोफाड़ से खुल्दौड़ी मोटर मार्ग (5.966 किमी) के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए एक करोड़ 30 लाख 36 हजार रुपये शामिल हैं। इसके अलावा बागेश्वर-कोटमन्या मोटर मार्ग के किमी 70 से महरुड़ी मोटर मार्ग के किमी एक से पांच तक सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए एक करोड़ पांच लाख चार हजार रुपये और भनार लाथी से नामतीचेताबगड़ मोटर मार्ग (6.550 किमी) के सुधारीकरण के लिए एक करोड़ 57 लाख 44 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
कोट
क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इन चार मोटर मार्गों के सुधारीकरण से स्थानीय लोगों का सफर अधिक सुगम और सुरक्षित होगा तथा गांवों की कनेक्टिविटी को नया बल मिलेगा।
– सुरेश गढ़िया, विधायक, कपकोट
