रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:पहले मां-बहन की जिंदगी छीनी, फिर खुद भी लगाया फंदा! जयपुर के तिहरे मौतकांड में नई थ्योरी आई सामने – Jaipur Man Kills Mother And Sister Then Dies By Suicide
जयपुर

राजस्थान:पहले मां-बहन की जिंदगी छीनी, फिर खुद भी लगाया फंदा! जयपुर के तिहरे मौतकांड में नई थ्योरी आई सामने – Jaipur Man Kills Mother And Sister Then Dies By Suicide

November 27, 2026


राजधानी के भट्टा बस्ती थाना इलाके में मां और बहन की हत्या के बाद बेटे के खुदकुशी करने के मामले में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस को घटनास्थल पर कमरे की दीवार पर एक पर्ची चिपकी मिली थी। इस पर लिखा था कि सुसाइड नोट मोबाइल फोन में है। साथ ही मोबाइल का PIN नंबर भी दर्ज था। पुलिस ने पर्ची पर लिखे PIN की मदद से मोबाइल अनलॉक किया और उसमें मौजूद सुसाइड नोट बरामद किया। शुरुआती जांच के मुताबिक, मां और बहन के बीच हुए विवाद से परेशान होकर बेटे ने दोनों की हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर जान दे दी।

इस मामले में शवों को अस्पताल ले जाने के तरीके को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस तीनों शवों को एंबुलेंस के बजाय पिकअप वाहन में रखकर अस्पताल ले गई। सामने आए वीडियो में शवों को उठाकर पिकअप में रखते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान एक व्यक्ति शव के पैरों की तरफ हाथ लगाता भी दिखाई दे रहा है। शवों को ले जाने के तरीके पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

मां-बहन के बीच विवाद से परेशान था लक्की

एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि लक्की अपनी मां और बहन के बीच होने वाले झगड़ों से परेशान था। गुरुवार को भी उसकी बहन का मां के साथ विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान मां के साथ मारपीट भी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर लक्की ने मां सरोज देवी और बहन शिवांगी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना 26 नवंबर की बताई जा रही है। हालांकि, तीनों की मौत की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मिली। मृतकों की पहचान सरोज देवी (50), उनकी बेटी शिवांगी (25) और बेटे लक्की (27) के रूप में हुई है। तीनों के शव मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक ही कमरे में मिले थे।

सुसाइड नोट में मानसिक बीमारी का जिक्र

पुलिस को लक्की के मोबाइल फोन में मिले सुसाइड नोट में मानसिक बीमारी का जिक्र मिला है। इसमें उसने खुद को मानसिक रूप से बीमार बताया और लिखा कि परिवार में पहले से इस तरह की बीमारी रही है। नोट के मुताबिक, कुछ साल पहले परिवार ने इसकी जांच भी करवाई थी, जिसमें बीमारी के लक्षण सामने आए थे। पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों की पड़ताल कर रही है और इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।

26 साल पहले पिता ने भी की थी खुदकुशी

जांच में परिवार से जुड़ा एक पुराना तथ्य भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, लक्की के पिता ने करीब 26 साल पहले आत्महत्या कर ली थी। अब बेटे के सुसाइड नोट में परिवार में मानसिक बीमारी के लक्षण होने का जिक्र मिलने के बाद पुलिस इस पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। हालांकि, परिवार में बीमारी और पुरानी घटना के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फोन नहीं उठा तो नाना ने पड़ोसियों को किया कॉल

शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने पड़ोसियों को फोन किया था। उन्होंने बताया कि परिवार में कोई भी उनका फोन नहीं उठा रहा है। इस पर उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर देखने का आग्रह किया। इसके बाद पड़ोसी मकान पहुंचे तो एक कमरे में तीनों के शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों का आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था। वे ज्यादातर समय घर में ही रहते थे और उनका बाहर आना-जाना भी कम था। लक्की ऑनलाइन काम करता था और वह भी बहुत कम घर से बाहर निकलता था।

पुलिस के सामने अब ये सवाल

मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजहों के साथ सुसाइड नोट में किए गए दावों की भी जांच कर रही है। परिवार की पुरानी परिस्थितियों और मानसिक बीमारी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल भी की जा रही है। इसके अलावा शवों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के बजाय पिकअप वाहन के इस्तेमाल के आरोप ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X