हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी शूटर सत्यम कादियान के नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी चलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन आईडी पर सत्यम के पुराने वीडियो और फोटो पोस्ट कर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ा रहा था। बिहार के मधेपुरा जिले के गांव रतनपुरा निवासी अंकित यादव को राजस्थान के श्रीगंगानगर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से आईडी संचालित करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाई फर्जी आईडी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह और एएसपी सुमित ने बताया कि 26 अगस्त को गायक अंकित बालियान की हत्या हुई थी। हत्याकांड में शामिल आरोपियों के नाम और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे थे। इन पोस्ट पर मिल रहे व्यूज देखकर अंकित यादव ने भी सत्यम कादियान के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इन आईडी पर सत्यम के पुराने वीडियो और फोटो पोस्ट करने लगा। आईडी संचालित करने के लिए उसने अपने दादा और पिता के नाम से लिए गए मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्लास्टर करने का काम करता है।
यह भी पढ़ें: उप मुख्यमंत्री का तंज: बोले- 2047 तक यूपी-दिल्ली में राहुल-अखिलेश की जगह नहीं, सिर्फ सैफई के प्रधान बनने लायक