Lalitpur News:दुकान से नकदी व डीवीआर समेत डेढ़ लाख की चोरी – Cash And Dvr Stolen From Shop; Total Loss Worth 1.5 Lakh
बानपुर। बानपुर कस्बे के कैलागुआं-बार रोड मुख्य मार्ग पर स्थित एक व्यापारी के प्रतिष्ठान और ऊपरी आवास को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दुकान से नकदी व सीसीटीवी की डीवीआर समेत डेढ़ लाख की चोरी हुई है। दुकानदार ने व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा बानपुर निवासी जय कुमार जैन पुत्र रमेश जैन ने थाना बानपुर में शिकायती पत्र देकर बताया कि बीते रोज 24 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर दुकान के ऊपरी हिस्से में बने घर में सोने चला गया था। देर रात मौका पाकर चोर भीतर घुसे और गल्ले व पेटी में रखी करीब बीस हजार रुपये नकदी के साथ-साथ ऊपरी मंजिल के हॉल में एक थैली में रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी उठा ले गए। भागते समय बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी सिस्टम का रिसीवर व डीवीआर तोड़कर अपने साथ ले गए। चोरी की पूरी घटना को अंजाम देने के बाद भाग गए। सुबह जब वह उठा और गैलरी का दरवाजा खुला देखा, तो उसने अंदर जाकर देखा तो नकदी और सीसीटीवी उपकरण गायब थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित व्यापारी ने थाने में शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। इस मामले में व्यापारी के साथ व्यापार मंडल ने भी थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष बानपुर भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस टीम संदिग्धों व चोरों की तलाश में जुट गई है। आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।
