लखीमपुर खीरी। शहर के मेला मैदान चौराहे से गढ़ी रोड तक 800 मीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। नगर पालिका 64.64 लाख रुपये की लागत से सड़क का पुनर्निर्माण और डामरीकरण करा रही है। बुधवार को सड़क पर पत्थर बिछाने का काम किया गया।
मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए नगर पालिका रात में निर्माण कार्य करा रही है।
नगर पालिका की जेई समरा सईद ने बताया कि दो रात में सड़क तैयार कर दी जाएगी, ताकि दिन में आवागमन प्रभावित न हो। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। सड़क को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा, जिससे लोगों को लंबे समय तक राहत मिल सके।