Ludhiana News:ग्यासपुरा में जेसीबी से खोदाई के दौरान मिला पुराना गोला-बारूद – Old Ammunition Found During Excavation With Jcb In Gyaspura
पुलिस ने इलाका सील कर बुलाया बम निरोधक दस्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। साहनेवाल के गांव ग्यासपुरा में एक खाली प्लॉट की साफ-सफाई के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिली है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
प्लॉट मालिक सुनील दत्त जैन अपनी लगभग 3100 वर्ग गज जमीन को जेसीबी मशीन से समतल करवा रहे थे। 26 नवंबर को उन्हें प्लॉट के उत्तरी छोर पर गोला-बारूद जैसा सामान पड़ा दिखा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साहनेवाल की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया। विशेषज्ञों के तौर पर बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया।
जांच और संदेह
प्राथमिक निरीक्षण में बरामद गोला-बारूद काफी पुराना लग रहा है। हालांकि यह किस श्रेणी का है और वर्तमान में कितना सक्रिय है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। शिकायतकर्ता सुनील दत्त जैन ने संदेह जताया है कि किसी शरारती तत्व या अज्ञात शख्स ने जानबूझकर इसे वहां छिपाया है। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के जरिये यह पता लगाने में जुटी है कि यह गोला-बारूद वहां कब और कैसे पहुंचा।
