रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अलवर:खैरथल में पानी लेकर लौट रही महिला पर हथौड़ी से हमला, सिर पर किए 15 वार; हालत गंभीर – In Khairthal District, A Woman Was Hit On The Head With A Hammer While Filling A Water Bucket
अलवर

अलवर:खैरथल में पानी लेकर लौट रही महिला पर हथौड़ी से हमला, सिर पर किए 15 वार; हालत गंभीर – In Khairthal District, A Woman Was Hit On The Head With A Hammer While Filling A Water Bucket

November 27, 2026


राजस्थान के खैरथल जिले में पानी लेकर घर लौट रही एक महिला पर पड़ोसी युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले हथौड़ी से महिला के सिर पर दो वार किए। महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई, इसके बाद भी हमलावर उस पर लगातार वार करता रहा। पास में मौजूद एक महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं रुका। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायल महिला को बचाया।

सड़क पर गिरने के बाद भी करता रहा हमला

घटना 26 नवंबर, गुरुवार शाम करीब 5 बजे खैरथल के वार्ड संख्या 43 स्थित हनुमान पहाड़ी रोड की विमला कॉलोनी में हुई। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय महिला टैंकर से पानी लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रविंद्र उर्फ लक्की ने कथित तौर पर हथौड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया।

पहले दो वार लगने से महिला सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उस पर लगातार करीब 15 वार किए। हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल के पास मौजूद एक पड़ोसी महिला ने हमलावर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और महिला पर दोबारा वार कर दिए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को हमलावर से बचाया।

गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर

हमले के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। परिजनों ने यह फुटेज पुलिस को सौंपने की बात कही है।

बेटे ने पड़ोसी परिवार पर लगाए पुराने विवाद के आरोप

घायल महिला के बेटे राम ने बताया कि उसकी मां टैंकर से पानी लेकर घर लौट रही थी, तभी पड़ोसी रविंद्र उर्फ लक्की ने हथौड़ी से हमला कर दिया। बेटे का आरोप है कि करीब एक महीने पहले भी रविंद्र, उसके बेटे और बेटी ने घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की थी। उस घटना की शिकायत भी थाने में दी गई थी।

राम के मुताबिक, उनका परिवार विमला कॉलोनी में रहता है। पड़ोसी परिवार करीब सात साल पहले दिल्ली से आकर यहां रहने लगा था। शुरुआत में घर के पास कचरा डालने को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। महिला ने पड़ोसियों को वहां कचरा डालने से मना किया था। बेटे का आरोप है कि इसके बाद से पड़ोसी परिवार उनसे रंजिश रखने लगा।

पुलिस ने कहा, मामला दर्ज कर होगी कार्रवाई

परिजनों ने इस हमले के संबंध में भी पुलिस को शिकायत दी है। किशनगढ़ बास के डीएसपी लाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। महिला की हालत गंभीर होने के कारण अलवर में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई करेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X