शिक्षक को पीटना पड़ा भारी:भाजपा नेता समेत तीनों आरोपियों की अग्रिम जमानत खारिज, अब गिरफ्तारी की तलवार – Beating Teacher In School Proved Costly; Anticipatory Bail Of Three Accused, Including A Bjp Leader, Rejected
November 27, 2026

बीजेपी नेता को शिक्षक को पीटना पड़ा भारी हुई जमानत खारिज
विस्तार
स्कूल में बच्चों के सामने स्पोर्ट्स टीचर को लात-घूंसों से पीटने वाले भाजपा नेता और उनके दो साथियों को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अग्रिम जमानत के लिए लगाई गई तीनों आरोपियों की याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। अब तीनों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। पुलिस कभी भी उन्हें हिरासत में ले सकती है।
यह मामला दतिया के रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल का है, जहां 19 नवंबर को समय की पाबंदी को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया था। कोर्ट के इस फैसले के बाद स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार स्कूल लगने का निर्धारित समय सुबह 7:55 बजे है। ट्रैफिक और अन्य परेशानियों को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को सुबह 8:10 बजे तक प्रवेश की छूट दे रखी है। 19 नवंबर, बुधवार की सुबह 8:15 बजे स्कूल का मुख्य गेट बंद हो चुका था। इसी दौरान कक्षा 5वीं के छात्र हर्षित दुबे को छोड़ने के लिए उसके पिता और पार्षद देवर ब्रजेश दुबे स्कूल पहुंचे। स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर आकाश श्रीवास (26) गेट पर ही मौजूद थे। उन्होंने ब्रजेश दुबे से सिर्फ इतना कहा कि बच्चे को समय पर स्कूल भेजा करें, ताकि उसकी पढ़ाई और अनुशासन में दिक्कत न आए। बस, इतनी सी बात पर ब्रजेश दुबे भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने शिक्षक को सड़क बनवाने और उनकी सैलरी का हवाला देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- रीवा में सियासी घमासान: महापौर ने पहले काटा फीता फिर डिप्टी सीएम ने भी किया उद्घाटन; शायराना अंदाज में कसा तंज
विवाद बढ़ता देख शिक्षक आकाश ने समझदारी दिखाई। वे बच्चों को लेकर स्कूल के ग्राउंड की तरफ चले गए, ताकि माहौल शांत हो जाए और बच्चों पर बुरा असर न पड़े। लेकिन ब्रजेश दुबे शांत नहीं हुए। आरोप है कि वे अपने दो साथियों रमाकांत दांगी और नितयुक्त गुर्जर के साथ स्कूल परिसर में घुस आए। ग्राउंड में पहुंचकर तीनों ने शिक्षक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बच्चों के सामने हुई इस मारपीट से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर शिक्षक को बचाया। इस घटना से स्कूल के बच्चे भी काफी डर गए थे। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक आकाश श्रीवास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्य आरोपी ब्रजेश दुबे, रमाकांत दांगी और नितयुक्त गुर्जर ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया था। उन्हें उम्मीद थी कि कोर्ट से उन्हें राहत मिल जाएगी। लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट का मानना था कि शिक्षण संस्थान के भीतर घुसकर शिक्षक के साथ मारपीट करना एक गंभीर अपराध है। इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोर्ट ने अपने फैसले में इस बात पर जोर दिया कि घटना स्कूल परिसर में हुई है, जहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं। बच्चों के सामने शिक्षक को पीटना न सिर्फ शिक्षक का अपमान है, बल्कि बच्चों के मन पर भी बुरा असर डालता है। इसके अलावा, आरोपियों पर दबंगई दिखाने और पद के रौब का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। ऐसे में अगर उन्हें अग्रिम जमानत दी जाती, तो इससे समाज में गलत संदेश जाता।
