रीवा में सियासी घमासान:महापौर ने पहले काटा फीता फिर डिप्टी सीएम ने भी किया उद्घाटन; शायराना अंदाज में कसा तंज – Rewa Water Treatment Plant Inauguration Mayor Ajay Mishra Deputy Cm Rajendra Shukla
रीवा शहर में विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच श्रेय लेने की होड़ देखने को मिली। अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 37 एमएलडी क्षमता वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का एक ही दिन में दो बार लोकार्पण किया गया। पहले कांग्रेस के महापौर अजय मिश्रा ने दोपहर में फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन किया, वहीं शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी पहुंचे और उन्होंने भी विधिवत लोकार्पण किया। इस घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति गरमा गई और कांग्रेस-बीजेपी के बीच सियासी खींचतान खुलकर सामने आ गई।
महापौर ने पहले ही कर दिया लोकार्पण
दरअसल, करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा शाम को किया जाना प्रस्तावित था। लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस के महापौर अजय मिश्रा ने एमआईसी सदस्यों और कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी में दोपहर के समय फीता काटकर प्लांट का लोकार्पण कर दिया। महापौर के इस कदम के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई और दोनों दलों के नेता आमने-सामने नजर आए।
महापौर ने भाजपा पर साधा निशाना
लोकार्पण के बाद महापौर अजय मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ही विकास कार्य का कई बार लोकार्पण किया जा रहा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य विभाग को छोड़कर नगर निगम के कार्यों में ज्यादा रुचि ले रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति ठीक नहीं है। महापौर ने आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब काम नगर निगम का है, तो उसका लोकार्पण कोई दूसरा क्यों करेगा?
ये भी पढ़ें- उमा भारती: चुनावी टिकट वाले बयान पर पूर्व सीएम की सफाई, कहा- यह अहंकार नहीं, मेरे राजनीतिक सफर का सच
शाम को डिप्टी सीएम ने भी काटा फीता
विवाद के बीच शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने भी फीता काटकर प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में शायराना और व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि काजल की कोठरी में रहना अलग बात है और उस कोठरी से बेदाग निकलना अलग बात है। उनके इस बयान को मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने शायराना अंदाज में दिया जवाब
वहीं, पूरे मामले पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि कम से कम इस बहाने काम करने का कल्चर सभी के अंदर दोगुना हो रहा है, जिसकी उन्हें खुशी है। उन्होंने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा, “तमाशा करने वालों को क्या पता, कितने तूफानों को पार करने के बाद हमने दिया जलाया है।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं।
एक ही प्लांट का दो बार लोकार्पण बना चर्चा का विषय
करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 37 एमएलडी क्षमता वाले इस वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का एक ही दिन में दो बार लोकार्पण अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विकास कार्यों के उद्घाटन को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सामने आई यह खींचतान राजनीतिक वर्चस्व और श्रेय लेने की लड़ाई के रूप में देखी जा रही है। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
