Mohali News:भाजपा के साथ जाने पर अकाली दल बादल को हरप्रीत अमलाला ने घेरा – Harpreet Amlala Targets Akali Dal (badal) Over Aligning With The Bjp
राजनीतिक अस्तित्व बचाने में जुटा अकाली दल : अमलाला
डेराबस्सी। अकाली-भाजपा गठबंधन की चर्चाओं के बीच अकाली दल वारिस पंजाब दे के वरिष्ठ नेता भाई हरप्रीत सिंह अमलाला ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो सुखबीर सिंह बादल पहले वारिस पंजाब दे को भाजपा की बी-टीम बताते थे, आज वही अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए भाजपा का सहारा ले रहे हैं।
अमलाला ने आरोप लगाया कि अकाली दल बादल राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुका है और अपना अस्तित्व बचाने के लिए भाजपा के साथ जाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने भाजपा की पंजाब और किसान विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए किसान आंदोलन में करीब 750 किसानों की शहादत का जिक्र किया।
उन्होंने दावा किया कि सांसद एवं पार्टी अध्यक्ष भाई अमृतपाल सिंह खालसा के पंजाब पहुंचने और संगत से मुलाकात के दौरान उमड़ी भारी भीड़ से पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी है। अमलाला ने कहा कि पंजाब के लोग पारंपरिक राजनीतिक दलों की रणनीतियों को समझते हैं और नशे के खात्मे के लिए वारिस पंजाब दे की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं।
