सुखपुरा (बलिया)। पुत्र के निधन के शोक में डूबे परिवार पर बुधवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब पुत्र की तेरहवीं के दिन ही पिता और प्रयागराज में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक अजय सिंह (57) की हृदयाघात (दिल का दौरा) से मौत हो गई।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के भलूही गांव निवासी अजय सिंह की अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी मंटू सिंह ने बताया कि उनके भाई अजय सिंह प्रयागराज में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने पुत्र के निधन के बाद वह उसके क्रिया-कर्म में शामिल होने के लिए पैतृक गांव भलूही आए थे। बुधवार, 25 नवंबर को पुत्र की तेरहवीं का कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक अजय सिंह की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया।
परिजन उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजनों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह सुखपुरा पुलिस ने उपनिरीक्षक रामलखन सोनकर के नेतृत्व में दिवंगत उपनिरीक्षक अजय सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। एक ही परिवार में पहले पुत्र और फिर पिता की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव के लोग स्तब्ध हैं।