रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:बाल मेले में नींबू, मेंढक और खरगोश दौड़ में दम दिखाएंगे नौनिहाल – Children Will Showcase Their Skills In Lemon, Frog, And Rabbit Races At The Children’s Fair

November 27, 2026


बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहाल शनिवार को खेल-खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिले के 440 परिषदीय प्री-प्राइमरी विद्यालयों में बाल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें तीन से छह साल तक के बच्चे नींबू दौड़, मेंढक दौड़ और खरगोश दौड़ में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कविता पाठ, समूह गान, चित्रकला और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। बाल मेले के साथ ही माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत छोटे बच्चों को खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के प्री-प्राइमरी विद्यालयों में बाल मेले का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों के लिए धागे पर लटकी टॉफी को उछलकर खाना, रोल प्ले, क्विज, आओ पहले हल करें और भूलभुलैया जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और आपसी सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

बाल मेले के आयोजन के लिए प्रत्येक विद्यालय को 1500 रुपये का बजट भेजा गया है। इस तरह जिले के 440 विद्यालयों के लिए कुल 6.60 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ईसीसीई एजुकेटर्स मिलकर आयोजन कराएंगे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सबसे अधिक उपस्थिति वाले बच्चे के अभिभावक को पौधा देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

एडी बेसिक शिक्षा राम सागर पति त्रिपाठी ने बताया कि बाल मेले का उद्देश्य छोटे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। खेल के माध्यम से सीखने से बच्चों की विद्यालय के प्रति रुचि बढ़ेगी। आयोजन में अभिभावकों की भागीदारी भी सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित हों।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X