चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। खोर गांव निवासी दोनों युवक पिकअप की टक्कर से बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दोनों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में बाइक पर सवार डेढ़ साल की मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई।
कैसे हुआ हादसा
खोर गांव निवासी अजित गुप्ता उर्फ गब्बर (34) पुत्र मिठाई लाल अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी को इलाज के लिए गांव निवासी अपने साथी दीपक विश्वकर्मा (28) पुत्र बब्बन विश्वकर्मा को साथ लेकर उसकी बाइक से ढोढिया गांव जा रहे थे। बाइक से तीनों गौसपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सकलडीहा की ओर से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही स्कॉर्पियो दोनों के ऊपर चढ़ गई।
गंभीर रूप से कुचलने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे में मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई। अंजित के दो बेटे और एक बेटी हैं, जबकि दीपक अविवाहित था।
एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस पिता की गोद में बैठकर मासूम इलाज के लिए जा रही थी, उसी हादसे ने उसके सिर से पिता का साया छीन लिया।
कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं स्कार्पियो बरामद किया गया है। चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।