रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:मान सिंह पाल अध्यक्ष, अतेंद्र पांडेय महामंत्री – Man Singh Pal, President; Atendra Pandey, General Secretary

November 27, 2026


-जिला बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम घोषित, विजयी प्रत्याशियों का बैंड-बाजे के साथ स्वागत

संवाद न्यूज एजेंसी

औरैया। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर मान सिंह पाल और महामंत्री पद पर अतेंद्र पांडेय विजयी रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मान सिंह पाल ने 259 वोट हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुनील कुमार दुबे को 22 वोटों से पराजित किया। वहीं, महामंत्री पद पर अतेंद्र पांडेय ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवेंद्र सिंह सेंगर को 26 वोटों से हराया।

जिला कचहरी में बृहस्पतिवार को जिला बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों पर मतदान हुआ। प्रमुख अध्यक्ष पद के लिए छह प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें मान सिंह पाल (259 वोट) विजयी रहे। अन्य प्रत्याशियों में सुनील कुमार दुबे को 237, संजीव कुमार चतुर्वेदी को 127, कुलदीप कुमार दुबे को 82, ब्रजेंद्र सिंह यादव को 29 और शिवकुमार अरूण को 15 वोट मिले।

महामंत्री पद के पांच दावेदारों में अतेंद्र पांडेय ने 238 वोट पाकर जीत दर्ज की। इस पद पर शिवेंद्र सिंह सेंगर को 212, सुधीश कुमार गौतम को 128, देवेंद्र दीक्षित ”सोनू” को 107 और हेमेंद्र पांडेय को 67 वोट प्राप्त हुए।

मीडिया प्रभारी शिवम शर्मा के अनुसार, संयुक्त मंत्री के दो पदों पर अनुराग दुबे (242 वोट) और अनूप कुमार श्रीवास्तव (218 वोट) विजयी रहे। अन्य दावेदारों में वीरेंद्र सिंह को 200, अनूप कुमार भोजवाल को 150, वृषभ त्रिपाठी को 147 और गौरव राठौर को 124 वोट मिले।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद पर शशांक त्रिपाठी 446 वोट पाकर विजयी रहे, जबकि दूसरे प्रत्याशी योगेंद्र कुमार राजपूत को 296 वोट मिले। कार्यकारिणी के कनिष्ठ सदस्य पद पर सोनल सिंह (427), देवेश राजपूत (320), हेमंत कुमार (310) और शिवपाल सिंह पाल (275) ने जीत हासिल की, जबकि सूरज प्रताप सिंह 158 वोट पाकर हार गए। परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को फूलमालाएं पहनाकर बैंड-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और खुशी में जमकर आतिशबाजी भी की गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X