रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Global Warming Water Crisis: धरती से हर साल कम हो रहा 1360 क्यूबिक किलोमीटर पानी, 12 लाख जलाशयों पर चौंकाने वाली स्टडी | Science News & Knowledge
नॉलेज

Global Warming Water Crisis: धरती से हर साल कम हो रहा 1360 क्यूबिक किलोमीटर पानी, 12 लाख जलाशयों पर चौंकाने वाली स्टडी | Science News & Knowledge

November 27, 2026


नई दिल्ली: ग्लोबल वार्मिंग ने धरती के वाटर साइकिल को बुरी तरह बिगाड़ दिया है. जर्नल साइंस में पब्लिश एक नई इंटरनेशनल स्टडी बताती है कि साल 2023 और 2024 की रिकॉर्ड गर्मी के दौरान हवा में तो नमी बढ़ी लेकिन जमीन सूखती चली गई. इन 2 सालों में दुनियाभर की नदियों का बहाव हर साल करीब 2040 क्यूबिक किलोमीटर कम हो गया. यह सामान्य के मुकाबले 5.7 प्रतिशत की बड़ी गिरावट है. वहीं झीलों और रिजर्वायर का एक्टिव वाटर स्टोरेज भी करीब 640 क्यूबिक किलोमीटर यानी 9.5 प्रतिशत नीचे आ गया. 1991 के बाद से यह ताजे पानी की सबसे बड़ी गिरावट है. हैरानी की बात यह है कि सबसे ज्यादा पानी अमेजन जैसे नमी वाले इलाकों से गायब हुआ. बारिश कुल मिलाकर बढ़ी जरूर लेकिन जमीन के हिस्से हर साल 1360 क्यूबिक किलोमीटर कम पानी आया.

गर्मी बढ़ने के साथ आखिर कहां जा रहा है बारिश का पानी?

चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के साइंटिस्ट योंगकियांग झांग और उनकी टीम ने इस बदलाव को समझने के लिए 1991 से 2025 के बीच के डेटा की जांच की. टीम ने 12 लाख से ज्यादा वाटर बॉडीज के सैटेलाइट डेटा और 150 बड़े रिवर बेसिन के स्ट्रीमफ्लो रिकॉर्ड को खंगाला.

साइंटिस्ट्स की पुरानी थ्योरी कहती थी कि तापमान 1 डिग्री सेल्सियस बढ़ने पर हवा करीब 7 प्रतिशत ज्यादा नमी सोखती है. इससे गीले इलाके और ज्यादा गीले होने चाहिए और सूखे इलाके और सूखे. इस स्टडी ने इस पुरानी धारणा को पलट दिया है.

योंगकियांग झांग के मुताबिक, गर्मी बढ़ने से हवा के बहने का तरीका यानी एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन बदल जाता है. यही सर्कुलेशन तय करता है कि बारिश कहां होगी. 2023 और 2024 में धरती का तापमान प्री-इंडस्ट्रियल लेवल से 1.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया था. इस भीषण गर्मी में दुनियाभर में बारिश तो ज्यादा हुई लेकिन यह अतिरिक्त बारिश जमीन के बजाय सीधे महासागरों के ऊपर बरस गई.

अमेजन और साउथ अमेरिका में क्यों मचा सबसे ज्यादा हाहाकार?

पूरी दुनिया में पानी की कमी का असर एक जैसा नहीं रहा. साउथ अमेरिका को इसकी सबसे भारी कीमत चुकानी पड़ी है.

  • दुनियाभर की नदियों के बहाव में आई कुल गिरावट का 70 प्रतिशत हिस्सा अकेले साउथ अमेरिका में दर्ज किया गया. यहां नदियों का बहाव करीब 18 प्रतिशत गिर गया और झीलों व डैम का पानी 16.5 प्रतिशत कम हो गया.
  • दुनिया के सबसे बड़े वर्षावन अमेजन बेसिन में पानी का स्तर पिछले 4 दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया.
  • साइंटिस्ट्स ने इसके पीछे दो गर्म महासागरों के खतरनाक मेल को जिम्मेदार माना है. प्रशांत महासागर में मजबूत अल नीनो एक्टिव था और ठीक उसी समय ट्रॉपिकल नॉर्थ अटलांटिक महासागर भी असामान्य रूप से गर्म हो गया.
  • झांग ने कहा, ‘अल नीनो ने ट्रिगर का काम किया और गर्म अटलांटिक ने इसे बढ़ाने का.’ इन दोनों के असर से साउथ अमेरिका के ऊपर हवा नीचे की तरफ दबने लगी और नमी महाद्वीप से दूर चली गई. इससे वहां बादल नहीं बन पाए.

ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका में पानी के संकट का क्या पैटर्न दिखा?

बाकी महाद्वीपों में भी पानी का संतुलन बिगड़ा हुआ नजर आया. अफ्रीका के दक्षिणी हिस्सों में नदियों का बहाव तेजी से कम हुआ. वहां तेज गर्मी से पानी भाप बनकर उड़ गया और पेड़-पौधों से होने वाले वाष्पोत्सर्जन ने झीलों के जलस्तर को नीचे गिरा दिया.

ऑस्ट्रेलिया में एक ही देश के भीतर दो बिल्कुल अलग तस्वीरें देखने को मिलीं. उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में मानसून की अच्छी बारिश के चलते वाटर स्टोरेज बढ़ गया. इसके ठीक उलट दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में भयंकर सूखा पड़ा और जलाशय खाली होने लगे.

स्टडी में यह भी सामने आया कि अल नीनो के पीक के दौरान हर 1 डिग्री ग्लोबल वार्मिंग पर ट्रॉपिकल अटलांटिक अब 1.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्म हो रहा है.

बिजली संकट से लेकर मछलियों की मौत तक क्या असर हुआ?

पानी की इस अचानक आई कमी ने इंसानी जिंदगी और इकोसिस्टम दोनों को बड़ा झटका दिया है.

  • ब्राजील के मनौस में रियो नीग्रो नदी अक्टूबर 2023 में अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर चली गई थी. अक्टूबर 2024 में इस नदी ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और जलस्तर और नीचे गिर गया.
  • पानी कम होने से ब्राजील की मदीरा नदी पर बने सैंटो एंटोनियो हाइड्रोपावर प्लांट को अपना कामकाज रोकना पड़ा. इक्वाडोर में भी डैम सूखने से बिजली उत्पादन ठप हुआ और पूरे देश में ब्लैकआउट लागू करना पड़ा.
  • अमेजन के जंगल के पेड़ हमेशा पर्याप्त पानी मिलने के आदी हैं. लंबे सूखे से पेड़ मरने लगे हैं. पेड़ों के कम होने से हवा में नमी वापस लौटने की प्रक्रिया रुकती है जिससे भविष्य में बारिश और कम होती है.

नदियों और झीलों के सिकुड़ने से मछलियों के ठिकाने खत्म हो रहे हैं और प्रजनन के लिए जरूरी मौसमी बाढ़ का चक्र भी टूट गया है.

क्या 2025 में नदियों के लौटने से खतरा टल गया?

साल 2025 इतिहास का तीसरा सबसे गर्म साल रहा लेकिन इसके बावजूद दुनिया की नदियों का कुल बहाव फिर से सामान्य स्तर पर लौट आया. योंगकियांग झांग के अनुसार 2025 में अल नीनो खत्म हो चुका था. प्रशांत और अटलांटिक महासागर का वह साझा असर टूट गया था जो नमी को जमीन से दूर धकेल रहा था. इससे साबित होता है कि 2023-24 की तबाही ग्लोबल वार्मिंग और महासागरों के आपसी तालमेल का नतीजा थी.

इस रिकवरी के बावजूद साइंटिस्ट्स ने चेतावनी दी है कि खतरा टला नहीं है. ज्यादा गर्म दुनिया का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इंसान को इस्तेमाल के लिए ज्यादा पानी मिलेगा. पानी से भरपूर समझे जाने वाले इलाकों में भी अचानक सूखा पड़ सकता है. साइंटिस्ट्स का मानना है कि सरकारों और वाटर मैनेजर्स को अब अचानक आने वाले जल संकट के लिए तैयार रहना होगा. इसके लिए बेहतर अर्ली वार्निंग सिस्टम बनाने होंगे और ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को रोककर तापमान को काबू में रखना होगा.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X