शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पीलीभीत

Pilibhit News:दीपावली से पहले मिलेगा पंचायत सहायकों और केयरटेकर्स का बकाया मानदेय – Outstanding Honorarium For Panchayat Sahayaks And Caretakers Will Be Paid Before Diwali

October 30, 2026


पीलीभीत। दीपावली से पहले पंचायत सहायकों और सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकर्स को बकाया मानदेय का भुगतान करना होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने सभी ग्राम पंचायत प्रशासकों, सचिवों और एडीओ पंचायत को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का नवंबर 2026 का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।

पंचायत सहायकों को समय से मानदेय नहीं मिलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर डीपीआरओ ने केंद्रीय और राज्य वित्त आयोग की धनराशि से एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार बकाया भुगतान कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों और एडीओ पंचायत का वेतन बाधित किया जाएगा।

वहीं, सामुदायिक शौचालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और केयरटेकर्स को दीपावली से पहले मानदेय देने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके लिए 15वें वित्त आयोग की स्वच्छता मद में आरक्षित 25 प्रतिशत धनराशि अथवा राज्य वित्त आयोग के फंड का उपयोग किया जाएगा। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि लापरवाही करने वाले पंचायत सचिव व एडीओ पंचायत का नवंबर माह का वेतन रोका जाएगा। इसको लेकर निर्देश जारी किए गए है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X