रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पश्चिम एशिया में फिर बढ़ेगा तनाव:नाकाबंदी तोड़ने वाले जहाज पर अमेरिका ने किया हमला, चालक दल सुरक्षित – Us-military-disables-another-ship-trying-to-breach-iran-port-blockade
दुनिया

पश्चिम एशिया में फिर बढ़ेगा तनाव:नाकाबंदी तोड़ने वाले जहाज पर अमेरिका ने किया हमला, चालक दल सुरक्षित – Us-military-disables-another-ship-trying-to-breach-iran-port-blockade

November 27, 2026


अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक और व्यापारिक जहाज को निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया है। यह कार्रवाई ओमान की खाड़ी में की गई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शुक्रवार को जारी बयान में इसकी जानकारी दी।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, पलाऊ के झंडे वाला एमवी पैसिफिक आर्चर गुरुवार को अमेरिकी नाकेबंदी से बचकर निकलने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान सैन्य विमान से जहाज के पिछले हिस्से पर सटीक हथियारों से हमला किया गया। इससे जहाज की प्रणोदन प्रणाली यानी आगे बढ़ने की क्षमता बंद हो गई। सेना ने बताया कि जहाज पर मौजूद नागरिक चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

ईरान के बंदरगाह से रवाना हुआ था जहाज

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, पैसिफिक आर्चर ईरान के बंदरगाह बंदर अब्बास से रवाना हुआ था। इसके बाद उसने अमेरिकी नाकेबंदी को पार करने की कोशिश की। जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइटों पर इसकी मंजिल सिंगापुर बताई गई थी।

अमेरिका ने अप्रैल से ईरान के बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी कर रखी है। हालांकि, तेहरान के साथ शांति वार्ता के दौरान गर्मियों में इसे कुछ समय के लिए हटा लिया गया था। जुलाई में नाकेबंदी फिर से शुरू कर दी गई।

158 जहाजों का रास्ता बदलने का दावा

अमेरिकी सेना का कहना है कि नाकेबंदी दोबारा शुरू होने के बाद से उसने 158 व्यापारिक जहाजों को रास्ता बदलने के लिए मजबूर किया है। वहीं, आदेश नहीं मानने वाले जहाजों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई भी की गई है।

अमेरिकी सेना के मुताबिक, वसंत में नाकेबंदी शुरू होने के बाद से पैसिफिक आर्चर कम से कम 15वां ऐसा जहाज है, जिसे सार्वजनिक रूप से निष्क्रिय किए जाने की जानकारी दी गई है। गर्मियों में नाकेबंदी दोबारा लागू होने के बाद यह छठा जहाज है। इससे पहले सात नवंबर को एक अन्य जहाज को निष्क्रिय किया गया था।

पहले भी हमले में मारे गए थे नाविक

अमेरिका की इस कार्रवाई को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। जून में अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहे गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले एक टैंकर पर सैन्य हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई थी।

उस समय भारतीय अधिकारियों ने बताया था कि अमेरिकी सेना के पलाऊ के झंडे वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के प्रमुख ने भी इस हमले की निंदा की थी।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड लगातार कहता रहा है कि व्यापारिक जहाजों पर हमला करने से पहले अमेरिकी सेना कई बार चेतावनी जारी करती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X