बेलहर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से दीदी की दुकान की पहल की गई है। विकासखंड बेलहर कला में उत्तम प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति के अंतर्गत संचालित ‘दीदी की दुकान’ का उद्घाटन उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के मैनेजर गुनाखोर भोला चौरसिया ने शुक्रवार को फीता काटकर किया।
इस दुकान पर कॉस्मेटिक, किराना और जनरल स्टोर से संबंधित सामान उपलब्ध कराया जाएगा। यहां ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान उचित मूल्य पर मिल सकेगा। दुकान के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैंक मैनेजर भोला चौरसिया ने कहा कि ‘दीदी की दुकान’ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान ब्लॉक मिशन प्रबंधक रामेंद्र कुमार, राधा देवी, रीना, सरिता, चंदावती, सुनीता, लक्ष्मीना आदि मौजूद रहे।