Sant Kabir Nagar News:डेल्टा रैंकिंग में बघाैली ब्लाॅक को दूसरा स्थान, 1.50 करोड़ मिले – Baghauli Block Secures Second Place In Delta Ranking
संतकबीरनगर। डीएम अनुज मलिक की अध्यक्षता में जनपद के आकांक्षात्मक विकास खंड बघौली में निर्धारित पैरामीटर्स के आधार पर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन के प्रगति की समीक्षा बैठक विकास खंड मुख्यालय पर हुई। इसमें एक-एक कर योजनाओं की समीक्षा हुई। बैठक में वर्ष 2024-25 की डेल्टा रैंकिंग में बघौली ब्लॉक को प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर शासन द्वारा प्रदान की गई 1.50 करोड़ की धनराशि के सापेक्ष प्रस्तावित कार्ययोजना पर विशेष चर्चा की गई।
डीएम ने आकांक्षात्मक विकास खंड बघौली में पांच प्रमुख क्षेत्रों स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबंधित सेवाएं, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास के अंतर्गत निर्धारित सभी 50 संकेतकों की विभागवार समीक्षा की।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संकेतकों की वर्तमान प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा अपेक्षित सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने निर्देशित किया कि कार्ययोजना तैयार करते समय सभी प्रमुख संकेतकों की वर्तमान स्थिति एवं क्रिटिकल गैप का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे प्राप्त धनराशि का उपयोग विकास खंड के पिछड़े एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभावी सुधार के लिए किया जा सके।
डीएम ने बीडीओ एवं मुख्यमंत्री फेलो को निर्देशित किया कि सभी विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए क्रिटिकल गैप के आधार पर कार्ययोजना को अंतिम रूप प्रदान करें तथा सोमवार को कार्ययोजना के अंतिम प्रारूप के साथ जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, डीडीओ रुक्मणी वर्मा, पीडी विजयंत सिंह, उपायुक्त श्रम प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, डीएसटीओ अजय श्रीवास्तव, एक्सइएन विद्युत राजेश कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी आरके पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, बीडीओ अर्जित प्रकाश, मुख्यमंत्री फेलो डॉ. रंजीत कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
