Ghazipur News:सर्दी-सहालग के कारण बढ़ी मेवे की मांग – Demand For Dry Fruits Rises Due To The Winter And Wedding Season
गाजीपुर। वर्तमान में हल्की सर्दी व सहालग का समय चल रहा है। इसके कारण जनपद के बाजार में मेवे की मांग बढ़ गई है। मेवे की बिक्री बढ़ने के कारण कारोबारियों के चेहरे पर चमक देखने को मिल रही है।
मेवा कारोबारी श्याम केसरवानी व मोहित प्रसाद ने बताया कि सर्दी में लोग खुद के स्वास्थ्य को लेकर फिक्रमंद रहते हैं। इसके कारण वह अपने आहार में मेवा की मात्रा बढ़ा दिए हैं।
यही कारण है कि इन दिनों मेवा की बिक्री में इजाफा हुआ है। मेवा की बिक्री बढ़ने के पीछे दूसरा कारण सहालग का समय चलना है। मांगलिक कार्यक्रमों में दावत में तैयार होने वाले व्यंजनों में बड़े पैमाने पर मेवे का इस्तेमाल होता है। इसके साथ ही उपहार में भी लोग मेवा देते हैं।
इस कारण मेवा बाजार इन दिनों गुलजार है। काजू 800 से 1100, बादाम 700 से 1000, छुहारा 250 से 350, किशमिश 350 से 600, चिरौंजी 2000 से 2400, अखरोट 650 से 1000, पिस्ता 1200 से 1600, मखाना 900 से 1300, अंजीर 1000 से 1500 व गरी गोला 250 से 400 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
ठंड बढ़ने के साथ मेवे के बाजार में चमक आएगी। संवाद
