रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
इटावा

Etawah News:मतदाता पुनरीक्षण में लक्ष्य से पीछे जिला, मंडलायुक्त ने जताई चिंता – District Lags Behind Target In Voter Revision Exercise; Divisional Commissioner Expresses Concern

November 27, 2026


इटावा। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में 26 नवंबर तक 14,074 आवेदन प्राप्त हुए। नए मतदाता बनाने के लिए 10,596 फार्म-6, नाम हटाने के लिए 974 फार्म-7 और संशोधन के लिए 2,504 फार्म-8 इनमें शामिल हैं। आवेदन अपेक्षित लक्ष्य से कम मिलने पर मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों से घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं के आवेदन भरवाने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दल सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा। मंडलायुक्त ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रत्येक बीएलओ का बूथवार लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, सीडीओ संजय कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी, संजीव भदौरिया, उदयभान सिंह यादव, प्रदीप शाक्य बबलू, प्रेरणा जुबैरी, मोहित प्रताप सिंह, मुकेश कुमार, राजेश कुमार वर्मा रहे।

————————–

2379 युवाओं ने किया पंजीकरण के लिए आवेदन

18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में मतदाता बनने को लेकर 2,379 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जसवंतनगर से 650, इटावा से 840 और भरथना से 889 आवेदन शामिल हैं। आवेदकों में 1,255 पुरुष और 1,124 महिलाएं हैं।

————————————————

बीएलओ के घर न पहुंचने की उठी शिकायत

बैठक में सपा प्रतिनिधि उदयभान सिंह यादव ने कहा कि बीएलओ बूथों पर बैठते हैं, लेकिन घर-घर जाकर संपर्क नहीं कर रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्र बदलने से मतदाताओं को अपने बूथ की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। मंडलायुक्त ने कहा कि बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस प्रतिनिधि प्रेरणा जुबैरी ने सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 301 पर कई मतदाताओं के नाम सूची में शामिल न होने की शिकायत रखी। मंडलायुक्त ने संबंधित मतदाताओं को एक स्थान पर एकत्रित कर बीएलओ के माध्यम से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X