रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Amethi News:मांगों का समाधान न होने पर बिफरे रोडवेज कर्मचारी – Roadways Employees Express Outrage Over Failure To Address Their Demands
अमेठी

Amethi News:मांगों का समाधान न होने पर बिफरे रोडवेज कर्मचारी – Roadways Employees Express Outrage Over Failure To Address Their Demands

November 27, 2026


Roadways employees express outrage over failure to address their demands

अमेठी डिपो परिसर में धरना देते रोडवेज कर्मचारी।-संवाद

संग्रामपुर। लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने शुक्रवार को अमेठी डिपो परिसर में धरना दिया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की अमेठी डिपो शाखा के बैनर तले कर्मचारियों ने शासन और परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि, चरणबद्ध नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई। धरने की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष राजा बहादुर सिंह ने की।

कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से चालक और परिचालक अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद कई मांगें लंबित हैं। परिचालकों का लोड फैक्टर 50 प्रतिशत से कम होने पर की जाने वाली रिकवरी और वेतन कटौती बंद करने की मांग की गई। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नियमावली बनाने और लंबे समय से कार्यरत संविदा चालक-परिचालकों को नियमित करने की मांग भी उठाई गई। गंभीर बीमारी के कारण लंबे समय तक चिकित्सा अवकाश लेने वाले कर्मचारियों के लिए उचित व्यवस्था बनाने की मांग की गई।

परिषद ने राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों के अवैध संचालन और छोटी गाड़ियों से होने वाली डग्गामारी पर रोक लगाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि इससे परिवहन निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है। डीजल रिकवरी बंद करने, कम आय के आधार पर वेतन कटौती रोकने और संचालन व्यवस्था में नियमों का पालन कराने की मांग भी की गई।

परिषद ने 30 अक्तूबर को भेजे गए मांगपत्र पर 15 दिसंबर तक सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। समाधान नहीं होने पर 16 दिसंबर को क्षेत्रीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन और रैली निकालने की चेतावनी दी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो मुख्यालय पर धरना और चक्काजाम किया जाएगा। इस मौके पर महेंद्र ओझा, सूर्य नारायण, प्रेम नारायण और नीरज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X