रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:बंदियों के परिजनों की मदद के लिए जेल में बनेगी स्थायी हेल्प डेस्क – A Permanent Help Desk Will Be Set Up In The Jail To Assist The Relatives Of Inmates

November 27, 2026


अमरोहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश अभिषेक कुमार व्यास ने शुक्रवार को जिला कारागार बिजनौर का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और परिजनों की सुविधा के लिए जेल के मिलाई स्थल पर स्थायी हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरकों, रसोईघर, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बंदियों से लंबित मुकदमों और कानूनी सहायता के बारे में जानकारी की। कई बंदियों ने अधिवक्ता उपलब्ध नहीं होने, सुनवाई में देरी और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं मिलने की समस्या बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

न्यायाधीश ने बताया कि हेल्प डेस्क पर प्रशिक्षित पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) तैनात होंगे, जो परिजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता, जरूरी दस्तावेजों और न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे।

विधिक जागरूकता कार्यक्रम में बंदियों को मौलिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत के प्रावधानों और लोक अदालत से मुकदमों के त्वरित निस्तारण की जानकारी दी गई। न्यायाधीश ने कहा कि प्रत्येक बंदी को न्याय पाने का समान अधिकार है। इस मौके पर जेल अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X